यूपी

नगर निगम की लापरवाही पर भड़के अतुल कपूर, नगर आयुक्त से जताई नाराजगी तो दौड़े अधिकारी, पढ़ें क्या है पूरा मामला?

नीरज सिसौदिया, बरेली

नगर निगम वार्ड 08 में पूर्व उपसभापति अतुल कपूर के नेतृत्व में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अतुल कपूर ने वार्ड 08 मॉडल टाउन, एकता नगर व दीन दयाल पुरम क्षेत्र की जनता की दिक्कतों को देखते हुए नगर आयुक्त संजीव मौर्य से शिकायत की थी। शिकायत के बाद नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काम शुरू कर दिया।

वार्ड 08 में पुरानी सीवर लाइन सड़कों पर बह रही थी, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अतुल कपूर ने सीधे नगर आयुक्त से बात की और मौके पर खड़े होकर सभी अधिकारियों को जमीनी स्थिति से अवगत कराया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के अंतर्गत होने वाले कार्यों में बरती जा रही लापरवाहियों पर कड़ा विरोध जताया।

अतुल कपूर ने अधिकारियों और सीएम ग्रिड में कार्य देखने वाले व्यक्ति से कुष्ठ आश्रम वाले रोड पर खुले हुए जानलेवा गड्ढों को अभी तक न भरे जाने का कारण पूछा और इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ये खुले हुए गड्ढे किसी को भी जान-माल की हानि पहुंचा सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति इससे दुर्घटना ग्रस्त होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

अधिकारियों ने अपनी टीमों को लगाकर काम शुरू कर दिया है। जलकर विभाग की पूरी टीम जीएम के नेतृत्व में और निर्माण विभाग की टीम चीफ के नेतृत्व में मौके पर पहुंची थी। सभी समस्याओं को दिखाया गया और जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए अतुल कपूर के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *