यूपी

2027 का चुनाव करो या मरो का होगा: अरविंद सिंह यादव

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष और राज्य कार्यकारिणी के मौजूदा विशेष आमंत्रित सदस्य अरविंद सिंह यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित महानगर इकाई की मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए आगामी पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति स्पष्ट की।

बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए सेमीफाइनल की तरह हैं। यदि कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर मजबूती के साथ जुट जाते हैं तो विधानसभा चुनाव में विजय का मार्ग आसान होगा। उन्होंने कहा, “2027 का चुनाव करो या मरो का चुनाव है। हमें बूथ स्तर पर अपने वोटों की रक्षा करनी है और विरोधी दलों की साजिशों को नाकाम करना है। भाजपा प्रायः बाहरी और प्रवासी मतदाताओं के नाम पर फायदा लेने की कोशिश करती है। ऐसे नामों को वोटर लिस्ट से हटवाना हमारी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में मजबूत है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की आपसी खींचतान से भाजपा को लाभ मिलता है। यदि इस बार संगठन को एकजुट कर पंचायत चुनाव को मजबूती से लड़ा गया तो विधानसभा चुनाव में सपा को बड़ी जीत हासिल होगी।

अपने संबोधन में उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव की तैयारी मानकर पूरी ताकत झोंकनी होगी। इसी संगठनात्मक मजबूती के बल पर 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में लौटेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और एकजुटता से माननीय अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का सपना अवश्य साकार होगा।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *