यूपी

बरेली में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर अधूरे कामों को लेकर मेयर और नगर आयुक्त से वरिष्ठ भाजपा पार्षद मम्मा की शिकायत, इंद्रा नगर में पानी की लाइनों का काम अधूरा, सड़क पर पड़े पत्थरों से हादसों का खतरा; जल निगम के अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, पढ़ें कहां-कहां अधूरे पड़े हैं? 

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

शहर में पानी की पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खुदाई के बाद सड़कें अधूरी छोड़ने और कई स्थानों पर काम शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा ने मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त से शिकायत की है। शिकायत की प्रति नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्रेषित की गई है।  बरेली शहर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार मम्मा ने 21 अक्टूबर को जारी शिकायत में 28 स्थानों पर अधूरे कार्यों का ब्योरा देते हुए इन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर पड़े पत्थर और खुदाई से पैदा हुई अव्यवस्था लोगों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बन रही है।

शिकायत में कहा गया है कि इंद्रा नगर के वार्ड संख्या 23 में पानी की लाइनों और उनसे जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जल निगम के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार, कंपनी की ओर से अवर अभियंता सूरज और सहायक अभियंता समीऱ बिश्नोई के साथ स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। निरीक्षण में कई जगह पाइपलाइन, कनेक्शन, ज्वाइंट, चैंबर और अन्य कार्य अधूरे पाए गए।

मम्मा के मुताबिक, स्वर्गीय राम निवास गुप्ता के नाम से दर्ज स्थान वाले ब्लॉक में काम शुरू नहीं हुआ है। स्वर्गीय डीके के घर से भटनागर कोचिंग तक लाइन नहीं बिछाई गई है और कनेक्शन भी बाकी है। करीब 50 मीटर में डीआई पाइपलाइन बिछाने का काम शेष बताया गया है। स्वर्गीय श्याम चरण शर्मा के मकान से नरूला वाटर तक कनेक्शन नहीं हुआ है। इस सड़क पर पानी की लाइन डालने के बाद बड़े-बड़े पत्थर पड़े होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

शिकायत में नरूला वाटर से बंसल कोचिंग मोड़ तक पाइपलाइन, कास्टिंग, ज्वाइंट और वाल्व चैंबर से जुड़े काम अधूरे होने की बात कही गई है। नरूला वाटर से नीलकंठ मंदिर तक भी ज्वाइंट, वाल्व, चैंबर और फिक्सिंग सहित अन्य काम बाकी बताए गए हैं। एनके सिंह वाली गली में कोई काम नहीं होने और नरेश शास्त्री वाले ब्लॉक में एक मीटर ज्वाइंट नहीं होने की शिकायत भी की गई है। राजेंद्र नगर स्थित नीलकंठ मंदिर से 200 बीआई के इंटरकनेक्टिंग कार्य को बब्बू रहींजा के घर के आगे तक पूरा नहीं किए जाने का भी उल्लेख है।

शिकायत में रतन स्वीट्स से आईवीआरआई रोड की ओर काम अधूरा होने और खुदाई के पत्थर सड़क पर पड़े रहने का मुद्दा भी उठाया गया है। डी-ब्लॉक इंद्रा नगर पार्क के दक्षिणी गेट से श्री ज्ञान के मकान तक एचडीपीई लाइन बिछाने का काम बाकी बताया गया है। डी-33 इंद्रा नगर से चावला जी के मकान तक कोई काम नहीं होने और अजन्ता स्वीट्स से केके गुप्ता के मकान तक डी-ब्लॉक में काम शेष रहने की बात कही गई है।

मम्मा ने अपने निवास स्थान से राधिका विहार कॉलोनी तक, किप्स सुपर मार्केट के पीछे वाले ब्लॉक में भी काम नहीं होने की शिकायत की है। पूर्व पार्षद स्वर्गीय माया श्रीवास्तव वाली गली में काम नहीं हुआ है। गुरुद्वारा इंद्रा नगर से मानस अस्पताल मोड़ तक और मानस अस्पताल मोड़ से किप्स मिठाई की दुकान तक मुख्य मार्ग पर भी काम बाकी बताया गया है। पाल आटा चक्की के सामने इंद्रा नगर के मुख्य मार्ग और गलियों में काम नहीं होने की शिकायत की गई है।

इसके अलावा इंद्रा नगर की वाल्मीकि बस्ती, बांके वाली गली, राज किशोर (सोनू) वाली गली और राजपूत इंटरप्राइजेज के सामने नारायण सिंह अधिकारी वाली गली में काम नहीं होने की बात कही गई है। निखिल माहेश्वरी वाली गली, अंबे आवास कॉलोनी की गलियों और अशोक टेंट हाउस के पुराने मकान वाली गली में भी काम अधूरा होने का उल्लेख है। इसी सूची में मोर गेट के सामने इंद्रा नगर में अखिलेश सक्सेना वाली गली को भी शामिल किया गया है।

शिकायत में डी-ब्लॉक इंद्रा नगर पार्क के दक्षिणी गेट से श्री ज्ञान के मकान तक लाइन डालने, कनेक्शन और खुदाई के बाद सड़क को दुरुस्त करने सहित अन्य कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की गई है। मम्मा ने कहा कि वह समय-समय पर इन समस्याओं की जानकारी देते रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर काम अब भी अधूरा है।

पत्र के अनुसार, स्थलीय निरीक्षण के दौरान जल निगम के प्रदीप कुमार ने 24 अक्टूबर 2026 तक खुदाई के बाद जगह-जगह पड़े मलबे और पत्थरों को हटवाने के लिए संबंधित कंपनी के अवर अभियंता और सहायक अभियंता को निर्देशित किया। मम्मा ने मेयर और नगर आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर स्थल निरीक्षण कराने, आवश्यक दिशा-निर्देश देने और निर्धारित अवधि में कार्य पूरे कराने का अनुरोध किया है, ताकि स्थानीय नागरिकों को हो रही परेशानी दूर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *