नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वीरवार को रामपुर जाने के क्रम में बरेली एयरपोर्ट पर चेंजओवर के दौरान पार्टी के प्रमुख नेताओं से संक्षिप्त मुलाकात की। यह मुलाकात कई मायनों में खास रही। पहली बार सपा नेता अखिलेश यादव के स्वागत को इतने अनुशासित तरीके से नजर आए। सब लाइन से खड़े थे और अखिलेश यादव एक-एक नेता से हाथ मिलाते आगे बढ़ते गए।

आम कार्यकर्ता से लेकर सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और आम कार्यकर्ता सबको अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से रूबरू होने का अवसर मिला। इनमें एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भी थे तो धुर-विरोधी भी। इस अनुशासन और स्वागत को देख अखिलेश यादव गदगद नजर आए और जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी की पीठ थपथपाकर गए।

अखिलेश यादव दो बार 10-10 मिनट के लिए बरेली एयरपोर्ट पर आए थे। रामपुर जाते समय वह सिर्फ महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी और जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव से ही मिले। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान अखिलेश ने जल्द ही दोनों अध्यक्षों को आगामी विधानसभा चुनाव के बरेली के उम्मीदवारों पर मंथन के लिए लखनऊ बुलाने की बात भी कही। हालांकि, किसी भी अध्यक्ष ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।

अखिलेश यादव लौटते समय पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं से मिले। उन्होंने फरीदपुर से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर से हाथ मिलाया। इस दौरान चंद्रसेन सागर ने उन्हें क्षेत्र में किए जा रहे संगठनात्मक और प्रचार संबंधी कार्यों एवं अपने राजनीतिक सफर की संक्षिप्त जानकारी संबंधी दस्तावेज भी सौंपा। चंद्रसेन सागर जैसे ही अखिलेश यादव को अपना परिचय बताने लगे तो उन्होंने कहा कि मैं आपको अच्छी तरह जानता हूं।
अखिलेश यादव ने बरेली कैंट विधानसभा सीट से आगामी चुनाव के लिए पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार राजेश अग्रवाल से भी हाथ मिलाया। इस दौरान अखिलेश यादव ने खुद उन्हें उनके नाम से पुकारा और हालचाल पूछा।

अखिलेश यादव से हाथ मिलाने का अवसर बरेली शहर विधानसभा अध्यक्ष हसीब खान को भी मिला। अखिलेश यादव स्वयं हसीब खान के पास गए और हाथ मिलाकर उनका भी मान बढ़ाया।

इसी दौरान अखिलेश यादव पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन से भी मिले। सूत्र बताते हैं कि सुप्रिया ने अखिलेश यादव के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि अखिलेश यादव वॉट्सऐप पर सुप्रिया का मैसेज नहीं देखते हैं। इस पर अखिलेश ने कहा कि देखते हैं।
जब अखिलेश यादव शिवचरन कश्यप के पास पहुंचे तो उन्होंने दोनों अध्यक्षों और प्रमुख नेताओं की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि इनका खास ध्यान रखना, ये इधर-उधर न होने पाएं।

अखिलेश यादव से मिलने वाले नेताओं में डॉक्टर अनीस बेग और इंजीनियर अनीस अहमद खां भी शामिल थे। डॉक्टर अनीस बेग तो बरेली के साथ ही रामपुर भी पहुंचे।

सबसे दिलचस्प बात आखिर में देखने को मिली जब अखिलेश यादव भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन में बिठाकर लखनऊ ले गए। इस तरह अचानक से शहजिल इस्लाम को उड़ाकर ले जाने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अखिलेश ने यह काम रामपुर में पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान से मुलाकात करके लौटने के बाद किया। आजम खान भोजीपुरा विधानसभा सीट से ही टिकट की दावेदारी कर रहे पूर्व विधायक सुल्तान बेग के बेहद करीबी हैं। सूत्र बताते हैं कि आजम खान ने 15 नेताओं को टिकट देने की सिफारिश की है। इनमें सुल्तान बेग का नाम भी शामिल है। ऐसे में शहजिल इस्लाम को समझाना जरूरी है। इसलिए अखिलेश यादव शहजिल इस्लाम को अपने साथ प्लेन में उड़ाकर ले गए। कहा यह भी जा रहा है कि इस उड़ान के साथ शहजिल का टिकट भी उड़गया है। उन्हें भोजीपुरा की जगह किसी और सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। बहरहाल, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि आजम खान साथ थे, साथ हैं और साथ ही रहेंगे।

माना यह भी जा रहा है कि अब जल्द ही पार्टी के पुराने और प्रमुख नेताओं के साथ ही जिला एवं महानगर अध्यक्षाें के साथ अखिलेश यादव लखनऊ में एक बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में भावी उम्मीदवारों को लेकर नेताओं का फीडबैक लिया जाएगा और उसके बाद बरेली जिले की सभी नौ सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। इस बैठक में किन-किन नेताओं को बुलाया जाना है उसकी सूची पहले ही लखनऊ भेजी जा चुकी है। इनमें महानगर की सूची में विधानसभा अध्यक्षों और प्रभारियों सहित लगभग 80 नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं जिले के भी सौ से अधिक नेताओं को शामिल किया गया है।

अखिलेश का संदेश स्पष्ट
अखिलेश यादव ने स्पष्ट संदेश दिया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है तो प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ को मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से जुटना होगा।
सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने बरेली एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगवानी की। इस दौरान अखिलेश यादव ने बरेली पदाधिकारियों के अनुशासन को लेकर संतोष जताया। उन्होंने जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी की पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का संदेश बन गया। उन्होंने शिक्षक एमएलसी चुनाव को गंभीरता से लेते हुए पार्टी के पक्ष में पूरी ताकत लगाने की अपील की।

पंडित दीपक शर्मा की पत्नी के निधन पर जताया दुख
इस संक्षिप्त मुलाकात का एक भावुक पहलू भी सामने आया। पार्टी के महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा की पत्नी के निधन की जानकारी मिलने पर अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त किया और शोक संवेदना जताते हुए कहा कि अब जब वह बरेली आएंगे तो उनके घर जरूर जाएंगे।

ये नेता रहे कार्यक्रम में मौजूद
एयरपोर्ट पर आंवला सांसद नीरज मौर्य,विधायक पूर्व मंत्री अता उर रहमान, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक इस्लाम साबिर, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व महापौर आईएस तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रो. जाहिद खां, प्रदेश सचिव मोहम्मद कलीमुद्दीन, जिला महासचिव राजकुमार पाल, जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव, मुस्ताक अहमद, दिनेश यादव, राजेश मौर्य, बृजेंद्र यादव, सुरेन्द्र सोनकर, जितेंद्र मुंडे, नूतन शर्मा, समर्थ मिश्रा, बीड़ी वर्मा, डॉ. देवेंद्र सिंह, अमित राज, एजाज शानू, पुरुषोत्तम गंगवार, पन्ना लाल साहू, मोहित सक्सेना, राम सेवक प्रजापति, विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा, सुरेश गंगवार, अनिल पटेल, बलराम यादव, हसीब खान, हरिओम प्रजापति, इंद्रपाल शर्मा, भद्रासेन गंगवार, तेजपाल गंगवार, मनोहर पटेल, गौरव सक्सेना, जोगेंद्र पटेल, डॉ. अशोक यादव, भारती चौहान, स्मिता यादव, समयून खान सहित अन्य लोग रहे।




