नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी ने पीडीए जनचेतना पदयात्रा के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को पदयात्रा के चौथे दिन सपा का अभियान सुभाषनगर पहुंचा। यहां पार्टी नेताओं ने एक ओर भाजपा सरकार को महंगाई और जनसमस्याओं के मुद्दे पर घेरा, तो दूसरी ओर स्थानीय समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का वादा कर लोगों से समर्थन मांगा। पदयात्रा में कैंट विधानसभा क्षेत्र के कई टिकट दावेदारों की मौजूदगी ने भी सपा की अंदरूनी चुनावी सक्रियता को चर्चा में ला दिया।

सराय जंक्शन से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी के नेतृत्व में निकली यात्रा का रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सपा नेताओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संपर्क कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। इस दौरान अखिलेश यादव को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की गई।

महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने सुभाषनगर रेलवे पुलिया और शहर में जलभराव जैसी समस्याओं को स्थानीय राजनीति के केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर इन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का भरोसा भी दिलाया। इस तरह पदयात्रा के जरिए सपा ने स्थानीय मुद्दों को अपने प्रदेशव्यापी पीडीए अभियान से जोड़ने की कोशिश की।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए महंगाई को आम आदमी की सबसे बड़ी परेशानी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने गरीबों, मध्यमवर्गीय परिवारों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। उन्होंने सपा को संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी बताया।

कैंट के दावेदारों की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल
पदयात्रा में कैंट विधानसभा सीट से टिकट के दावेदारों की बड़ी मौजूदगी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रही। पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, राजेश अग्रवाल, डॉ. अनीस बेग, इंजीनियर अनीस अहमद, संजीव सक्सेना, पंडित दीपक शर्मा, समर्थ मिश्रा, नूतन शर्मा, शिवेंद्र नाथ चौबे और रणवीर सिंह जाटव समेत कई नेता शामिल हुए। शहर विधानसभा क्षेत्र से दावेदार पार्षद गौरव सक्सेना, हसीब खान और मोहम्मद खालिद खान भी पदयात्रा में नजर आए।
पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी अभियान का हिस्सा बने। सराय जंक्शन पर समयुन खान, इसराफिल खान और मोहम्मद इसरार ने स्वागत किया। सुभाषनगर पुलिया पर नूतन शर्मा ने महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी और पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का स्वागत किया।

मतदाता पुनरीक्षण के लिए दो दिन का विराम
महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने बताया कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के कारण 28 और 29 नवंबर को पदयात्रा स्थगित रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन दो दिनों में मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़वाने और पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

पदयात्रा का यह विराम भी सपा के लिए राजनीतिक रूप से अहम है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सड़क पर जनसंपर्क के साथ मतदाता सूची के काम में जुटने का संदेश दिया है। 2027 के चुनाव से पहले पीडीए अभियान के जरिए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों पर पकड़ बनाने की सपा की कोशिश अब महानगर की राजनीति में भी दिखाई देने लगी है।




