झारखण्ड

बेरमो: जारंगडीह रेलवे साइडिंग में फायरिंग से दहशत

रामचंद्र कुमार अंजाना, बोकारो थर्मल

बेरमो के  बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह रेलवे साइडिंग में शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ बजे बाइक सवार बदमाशों ने कोयला डिस्पैच ऑफिस और साइडिंग परिसर में खड़े डंपरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। साइडिंग परिसर के कांटा घर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। उक्त हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

गत माह इसी तर्ज पर बोकारो थर्मल के नूरीनगर स्थित डीवीसी के ऐश पोंड में भी छाई ट्रांसपोर्टिंग में लगे  डंपरों को टारगेट कर फायरिंग की गई थी।
जारंगडीह साइडिंग में बदमाशों ने पर्चा भी छोड़ा है। पर्चे में लिखा गया है कि कोल ट्रांसपोर्टिंग शुरू करने से पहले झारखंड जनमुक्ति परिषद से आदेश लिया जाए। ऐसा नहीं करने पर फौरी कार्रवाई की धमकी भी दी गई है। पर्चा कैलाश जी के हवाले से जारी किया गया है।


बता दें कि जारंगडीह रेलवे साइडिंग से बीएंडके प्रक्षेत्र की कोयला ट्रांसपोर्टिंग होती है। यहां से रेल रैक के माध्यम से देश के विभिन्न स्थानों के पावर प्लांटों को कोयला भेजा जाता है।


फायरिंग की घटना के बाद शनिवार को तड़के पुलिस पहुंची और पड़ताल में जुट गई है। झारखंड जनमुक्ति परिषद नामक संगठन को नक्सलियों का समानांतर संगठन बताया जा रहा है। गत माह क्षेत्र में पोस्टरबाजी कर उक्त संगठन चर्चा में आया था।
बेरमो एएसपी सुभाषचंद्र जाट ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है, उदभेदन जल्द कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *