नीरज सिसौदिया, बरेली
मढ़ीनाथ की गंगानगर कॉलोनी में बारिश के सात दिन बीत जाने के बाद भी सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर पानी भरा होने के कारण स्थानीय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों की शिकायत पर पार्षद राजेश अग्रवाल रविवार शाम कॉलोनी पहुंचे और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया।

पार्षद ने स्थानीय लोगों से समस्या की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि सड़क पर पानी भरा होने के कारण पैदल निकलना तो दूर, मोटरसाइकिल निकालना भी मुश्किल हो गया है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए पार्षद राजेश अग्रवाल गंगानगर कॉलोनी के लोगों के साथ नगर आयुक्त से मिले और उन्हें जलभराव की स्थिति से अवगत कराया। पार्षद ने कहा कि सड़क का निर्माण बाद में कराया जा सकता है, लेकिन फिलहाल तत्काल राहत देने के लिए जलभराव वाले रास्तों पर मलवा डलवाकर उन्हें चलने योग्य बनाया जाए। इससे लोगों को घरों से निकलने और मोटरसाइकिल आदि निकालने में राहत मिल सकेगी।

नगर आयुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पार्षद के मुताबिक नगर आयुक्त ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए जलभराव वाले रास्तों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। पार्षद ने कहा कि बारिश के बाद लंबे समय तक सड़क पर पानी भरा रहना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। स्थायी सड़क निर्माण में समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल अस्थायी व्यवस्था कर लोगों को राहत देना जरूरी है।

सुभाषनगर और एजाजनगर गौटिया का मुद्दा भी उठाया
पार्षद राजेश अग्रवाल ने सुभाषनगर और एजाजनगर गौटिया में भी जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि इन क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार मलवा डलवाने अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए लोगों को तत्काल राहत दी जाए।




