यूपी

बरेली में बदहवास हालत में मिला पश्चिम बंगाल का मजदूर, परिजनों की तलाश में जुटी प्रयास सहयोग सेवा समिति, 12 अक्टूबर को दुर्गापुर से जालंधर के लिए निकला था, ओंडा थाने से संपर्क कर गांव और परिवार की पहचान की कोशिश

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

शहर के कर्मचारी नगर स्थित केसर वाटिका में एक व्यक्ति बदहवास और असहाय अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस उसे कर्मचारी नगर चौकी ले गई। बातचीत के दौरान व्यक्ति ने जो जानकारी दी, उसके आधार पर उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के निवासी मदन किस्कू के रूप में हुई है। अब पुलिस और प्रयास सहयोग सेवा समिति उसके परिजनों का पता लगाने और उसे सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं।
प्रयास सहयोग सेवा समिति के सचिव पंकज दत्त भट्ट के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे कर्मचारी नगर केसर वाटिका में उक्त व्यक्ति को भटकते हुए देखा गया था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर दी। इसके बाद कर्मचारी नगर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी उसे अपने साथ ले गए।
मामले की जानकारी मिलने पर समिति के कोषाध्यक्ष मदन लाल शर्मा ने पंकज दत्त भट्ट से संपर्क किया। दोनों रात करीब आठ बजे पुलिस चौकी पहुंचे। पंकज दत्त भट्ट ने व्यक्ति से बांग्ला भाषा में बातचीत की। बातचीत के दौरान उसने अपने नाम और परिवार से जुड़ी कुछ जानकारियां दीं, जिनके आधार पर उसकी पहचान के संबंध में सुराग मिले।

जेब से मिला दुर्गापुर से जालंधर का टिकट

व्यक्ति की जेब से 12 अक्टूबर का दुर्गापुर से जालंधर तक का जनरल रेलवे टिकट भी मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने कुछ साथियों के साथ मजदूरी करने के लिए जालंधर जा रहा था। हालांकि, वह अपने किसी परिचित का फोन नंबर और अपना पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था।
पंकज दत्त भट्ट के मुताबिक, व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए उसे इज्जतनगर थाने ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराने का सुझाव दिया गया। इसके बाद जरूरत के अनुसार उसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने वाली संस्था या अस्पताल तक पहुंचाने की बात कही गई। उन्होंने मानोसमर्पण संस्था से जुड़े अपने मित्र शैलेश शर्मा को भी इसकी जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल के थाने से किया संपर्क

व्यक्ति द्वारा बताए गए पते के आधार पर मदन लाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के ओंडा थाने से संपर्क किया। संबंधित व्यक्ति की तस्वीर भी पुलिस को भेजी गई। वहां से जानकारी मिली कि इस नाम का व्यक्ति संबंधित गांव का निवासी हो सकता है। ओंडा थाने की ओर से गांव जाकर जानकारी की पुष्टि करने की बात कही गई।
समिति के अनुसार, व्यक्ति ने अपना नाम मदन किस्कू, पिता का नाम श्याम किस्कू और पत्नी का नाम बादेली किस्कू बताया है। उसके परिवार में बेटे जितेन किस्कू और बेटी सुंदरी के नाम भी सामने आए हैं। उसका बताया गया पता ग्राम पाथरकाटा, थाना ओंडा, जिला बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल है।
फिलहाल इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि और परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रयास सहयोग सेवा समिति ने संबंधित पुलिस और सामाजिक संस्था के सहयोग से व्यक्ति को उसके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने की पहल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *