नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से आगामी चुनाव के लिए टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में गठित ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ पर तंज कसते हुए कहा कि जीरो+जीरो = जीरो ही होता है और ओवैसी एवं आजाद की पार्टियों के गठबंधन का आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे प्रदेश में कोई असर नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज सपा प्रमुख अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहता है और ऐसे में वह ओवैसी और चंद्रशेखर जैसे नेताओं के झांसे में नहीं आने वाला जो भाजपा की ही बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने पिछले विधानसभा चुनावों में भी अपने उम्मीदवार उतारे थे जो अपनी जमानत तक नहीं बचा सके थे। इस बार उनका और बुरा हश्र होने वाला है। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है, जब राजनीतिक परिवर्तन की दिशा में भी ठोस पहल हो। उन्होंने दावा किया कि इस मोर्चे के सक्रिय होने से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है।
इंडिया टाइम 24 डॉट कॉम से विशेष बातचीत में दो बार भुता ब्लॉक के प्रमुख रह चुके चंद्रसेन सागर ने कहा कि समाज के स्तर पर परिवर्तन होना जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ भी सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हितों के लिए साम्प्रदायिक ताकतों से संघर्ष करने और उसकी आवाज उठाने वाले लोगों को समाजवादी पार्टी सहयोग करेगी, ताकि उनकी ईमानदार आवाज जनता तक पहुंच सके। पांच बार विधायक रहे स्वर्गीय सियाराम सागर के छोटे भाई चंद्रसेन सागर ने कहा कि इस नए मोर्चे का एक फायदा विपक्ष को भी मिलेगा। भावनात्मक नारों और छलावे में आकर साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट देने वाले लोगों के सामने अब एक और विकल्प होगा। इससे भाजपा के वोट प्रतिशत में दो से तीन फीसदी तक की कमी आ सकती है। उन्होंने दावा किया कि इससे भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि केवल बयानों से राजनीतिक सरगर्मी पैदा करने वालों की वास्तविकता जनता समझती है। ऐसे मोर्चों के गठन से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन इसके पीछे अपने समाज की भलाई की ईमानदार मंशा होनी चाहिए, न कि किसी तीसरे पक्ष का छिपा हुआ एजेंडा। उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई राजनीतिक दल या मोर्चा किसी की कठपुतली बनकर काम करता है तो जनता उसे चुनाव में सबक सिखा सकती है और उसकी जमानत तक जब्त करा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ समाप्त होगी और सभी राजनीतिक ताकतें अपने समाज के वास्तविक हितों के लिए काम करेंगी।
चंद्रसेन सागर ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसी राजनीतिक ताकत को जनता का समर्थन मिलेगा, जिसका अपना मजबूत आधारभूत वोट होगा और वह समाजवादी पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि परिवर्तन चाहने वाले लोगों के लिए पीडीए से बड़ा कोई विकल्प नहीं है।




