झारखण्ड

हिंदी में हम काम करें, हिंदी का सम्मान करें : कमलेश कुमार

Share now

रामचंद्र कुमार अंजाना, बोकारो थर्मल
डीवीसी बोकारो ताप विद्युत केंद्र के पीपीएम भवन में परियोजना के विभिन्न अनुभागों से चयनित 26 अधिकारियों हेतु एक दिवसीय राजभाषा तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन परियोजना प्रधान कमलेश कुमार, मुख्य अभियंता निखिल कुमार, अपर निदेशक सुशील कुमार मिश्रा व उप प्रबंधक (राजभाषा) उदयवीर सिंह ने किया। कार्यशाला में उपस्थित डीवीसी के कर्मचारियों व अधिकारियों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रधान कमलेश कुमार ने कहा कि हिंदी हजारों वर्षों से ही समृृद्ध एवं उन्नत भाषा है। आवश्यकता है हिंदी को राजभाषा के रूप में उपयोग करने की। कार्यालयों के कार्यों में प्रत्येक स्तर पर राजभाषा के रूप में हिंदी में शत-प्रतिशत काम करना हमारा संवैधानिक कर्तव्य भी है। हिंदी में काम करने का सीधा तात्पर्य राष्ट्र की सेवा करना है। हम सब मिलजुल कर कार्यान्वयन के लक्ष्य को पूरा करें और हिंदी में हम काम करें, हिंदी का सम्मान करें।
मुख्य अभियंता निखिल कुमार ने कहा कि हमारे अधिकारी व कर्मचारी हिंदी में काम कर रहे हैं, हमें यह देखकर खुशी होती है। इसी का फल है कि हमने इस क्षेत्र में एक पहचान बनाई है। आज आईटी का युग है। समय की मांग है कि आईटी के माध्यम से हम हिंदी का प्रयोग बढ़ाए। अपर निदेशक सुशील कुमार मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए राजभाषा कार्यान्वयन पर प्रकाश डाला। हिंदी अधिकारी मो. इस्माइल मियां ने उपस्थित अधिकारियों को व्याख्यान के विषय से परिचित कराते हुए संपूर्ण कार्यक्रम को संचालित किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी किया।
कार्यशाला सत्र हिंदी ई-टूल्स संबंधित विशेषज्ञ उदयवीर सिंह, उप प्रबंधक (राजभाषा), ने ‘कंप्यूटर पर राजभाषा के प्रयोग के लिए सूचना प्रौद्योगिकी उपकरण एवं साॅफ्टवेयर‘ विषय पर कक्षा ली तथा हिंदी ई-टूल्स के माध्यम से अभ्यास कराया।
परिसंवाद सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों को ‘प्रशासनिक शब्दावली’, ‘कार्यालय कार्यबोध’ तथा ‘राजभाषा सहायिका’ पुस्तिका व राजभाषा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रधान ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के दौरान हिंदी में किये गये उत्कृष्ट कार्यों के लिये परियोजना के दस अधिकारियों/कर्मचारियों को निगम के अध्यक्ष द्धारा हस्ताक्षरित राजभाषा गौरव प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिसमें इकरामुल हक, शंभु पोद्दार, रामप्रवेश रजक, शिव कुमार ओझा, ऐनुल हक अंसारी, बीएन ठाकुर, नंदलाल साहू, आरती रानी, राजेश कुमार सिंह, बीके पांडेय शामिल है। इस अवसर प्रतिभागी व अधिकारियों में डाॅ. नीतीश कुमार, अभिजीत चन्द्रा, जाॅय कुमार मुंडा, प्रदीप कुमार झा, कमाल अहमद, केएल विश्वकर्मा, हरिमुकुंद प्रजापति, विजय कुमार वर्मा, कुंदन कुमार, इकरामुल हक, ऐश्वर्य चंद्रा, रविंद्र कुमार, आरपी सिंह, आसिफ इकबाल, सुनील कुमार महापात्रा, रवि रंजन प्रसाद, सुभाष प्रतीक, बंदन कुमार राय, हामिद अंसारी, विशाल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सुश्री स्मिता कुजूर, फहीम अहमद, अनिल कुमार देव, तापस कुमार भूईयां उपस्थित थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *