बिहार

लव मैरिज के साल भर बाद गर्भवती को जिंदा जला दिया

Share now

एजाज अंसारी, मधुबनी 

बिहार के मधुबनी जिले में बासोपट्टी थाना क्षेत्र के परसा गांव में दहेज के लिए गर्भवती महिला की आग लगाकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता घोड़बंकी गांव निवासी सुशील पाण्डेय ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी उर्फ मोना की हत्‍या की प्राथमिकी दर्ज करवायी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोना का परसा गांव निवासी शिक्षक अशोक कुमार चौधरी उर्फ मुरई सिंह के पुत्र आशीष कुमार के साथ करीब एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि मेरी पुत्री को ससुराल वालों के द्वारा कुछ महीनों से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार देर शाम किसी ने मोबाइल पर सूचना दी कि आपकी बेटी को जलाकर मार दिया गया है।
वहीं सूचना मिलते ही थानाध्‍यक्ष संजय कुमार और डीएसपी सुमित कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।बताया जाता है कि मोना के गर्भ में करीब सात महीने का बच्चा भी था। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि कई घरों में खोजबीन कर मृतका के ससुर शिक्षक अशोक कुमार चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *