पंजाब

अवैध बिल्डिंग और कॉलोनियों के खिलाफ सिद्धू की कार्रवाई सराहनीय मगर संरक्षण देने वालों पर भी हो एफआईआर : सुशील तिवारी

जालंधर| युवा राष्ट्र निर्माण वाहिनी के अध्यक्ष और युवा समाज सेवक सुशील तिवारी ने अवैध बिल्डिंगों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जालंधर में स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की कार्रवाई को सराहनीय बताया है| तिवारी ने कहा कि अवैध कॉलोनियों और अवैध बिल्डिंग बनाने वालों पर शिकंजा कसा जाना चाहिए| सिद्धू ने इनके खिलाफ कार्यवाही करके बहुत ही सराहनीय कार्य किया है|

वहीं तिवारी ने यह भी कहा कि सिर्फ नगर निगम के अधिकारियों को सस्पेंड करने से अवैध कॉलोनियों और अवैध बिल्डिंगों का यह काला खेल बंद होने वाला नहीं है| तिवारी ने कहा कि नगर निगम कर्मचारी तो सिर्फ मोहरा हैं असली खिलाड़ी तो पर्दे के पीछे छुपे हुए थे जो अब बाहर आ गए हैं| उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता ही हमेशा अवैध बिल्डिंग और अवैध कॉलोनियों के काले कारोबार को संरक्षण देते आए हैं| कई पार्षद तो खुद कॉलोनाइजर बन गए और कई नेता भी कॉलोनाइजरों प्रॉपर्टी डीलर बने हुए हैं| ऊंची ऊंची पहुंच कर चलती नौकरी बचाने के चक्कर में कर्मचारी इनके हाथों की कठपुतली बन गए| निर्दोष कर्मचारियों को सस्पेंड करने से कुछ नहीं होगा| अगर कार्रवाई करनी ही है तो उन नेताओं और विधायकों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए जो खुलेआम अवैध कॉलोनियों और अवैध बिल्डिंगों को संरक्षण दे रहे हैं| तिवारी ने कहा कि इस अवैध कारोबार को खुलेआम संरक्षण देकर सीधा सरकार और कानून का मजाक उड़ाया गया है| उन्होंने मांग की है कि कानून व्यवस्था और प्रदेश सरकार को मजाक बनाने वाले ऐसे विधायक की विधानसभा की सदस्यता ही रद्द कर देनी चाहिए|

उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी ही पार्टी के नेताओं की अवैध बिल्डिंगों और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करने का जो साहस दिखाया है ऐसा साहस कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी दिखाना चाहिए| तिवारी ने कहा कि अगर नवजोत सिंह सिद्धू जैसा नेतृत्व पंजाब को मिले तो पंजाब की तस्वीर बदल सकती है| पंजाब की वित्तीय हालत सुधारने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू की तरह ही ठोस कदम हर मंत्री को उठाने चाहिए| तभी हमारे प्रदेश की तस्वीर बदल सकती है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *