हरियाणा

मिन्नतें करते रहे झुग्गियों में रहने वाले, रेलवे ने जेसीबी से आशियाने तोड़ डाले

Share now

कुरुक्षेत्र , ओहरी

रेलवे प्रशासन ने सोमवार को रेलवे की जमीन पर बनी हुई 40 से ज्यादा झुग्गियां ढहा दी। इस कार्रवाई के दौरान झुग्गियों में रहने वाले लोग अधिकारियों के हाथ पांव जोड़ते रहे मगर रेलवे पुलिस बल ने पूरी कार्रवाई करने के बाद ही चैन की सांस ली। वहीं इस कार्रवाई से आहत जन संघर्ष मंच ने उपायुक्त कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा कर दी है।


रेलवे पुलिस बल के थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि रेलवे की जमीन पर झुग्गियां बनाकर रह रहे लोगों को 15 दिन पहले ही नोटिस देकर जगह खाली करने के आदेश दे दिए थे। मगर झुग्गियों में रहने वाले लोगों ने झुग्गियां खाली नहीं की। इसके चलते सोमवार को रेलवे के अधिकारियों के साथ मिलकर जेसीबी के जरिए झुग्गियों को हटाया गया। उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से अमलीजामा पहनाया गया। उन्होंने बताया कि यह उच्चाधिकारियों के आदेश थे, जिसकी अनुपालना की गई है। वहीं जन संघर्ष मंच की जिला उपाध्यक्ष उषा कुमारी ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय के सामने मंच ने झुग्गी में रहने वालों की आवाज उठाई थी। मगर अधिकारियों ने एक न सुनी और बसी हुई झुग्गियों को तहस-नहस करके रख दिया। उषा कुमारी ने कहा कि एक तरफ तो सरकार लोगों को पक्का घर देने का सपना दिखा रही है और दूसरी तरफ 40 से ज्यादा बसे बसाए परिवारों को खुले आसमान के नीचे लाकर खड़ा कर दिया गया है। सरकार की कल्याणकारी योजनाएं केवल नाम की हैं जो असली में इसके हकदार हैं उन तक वह पहुंचती ही नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *