बिहार

गुरुग्राम से दरभंगा पिता को साइकिल पर लाने वाली ‘साइकिल गर्ल’ के पिता का निधन

एजेंसी, पटना
वर्ष 2020 में साइकिल गर्ल के नाम से मशहूर होने वाली बिहार की ज्योति के पिता का सोमवार को निधन हो गया. उनके निधन से पूरे इलाके में शोक व्याप्त है.
बता दें कि पिछले साल जब देशभर में कोरोना के प्रकोप के कारण लॉकडाउन लगा था तो दिल्ली एवं एनसीआर से लाखों की संख्या में लोग अपने-अपने घरों को वापस लौटने लगे थे. लोगों को परिवहन के साधन नहीं मिले तो कुछ लोग पैदल ही निकल पड़े. वहीं हजारों लोग साइकिल से ही निकल पड़े थे. इनमें ज्यादातर लोग बिहार और झारखंड के रहने वाले थे. ज्योति भी इनमें से एक थी. वह अपने पिता के साथ गुरुग्राम में रहकर बसर करती थी लेकिन लॉकडाउन में काम छिन गया और घायल पिता को लेकर वह साइकिल से ही दरभंगा स्थित अपने घर की ओर निकल पड़ी. लगभग 12 सौ किलोमीटर का सफर साइकिल से तय करने के बाद वह दरभंगा पहुंच गई थी. इसके बाद ज्योति की कहानी अखबारों और टीवी चैनलों की सुर्खियां बनी. कई बड़े बड़े लोग ज्योति की मदद को आगे आए और पूरे देश में दरभंगा की यह बेटी साइकिल गर्ल के नाम से मशहूर हो गई.


पिछले दिनों उसके पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सोमवार रात को उन्होंने अंतिम सांस ली. उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *