यूपी

भाजपा के किले में घुसे कलीमुद्दीन, भाजपा बूथ अध्‍यक्ष के परिजनों सहित राठौर समाज की सैकड़ों महिलाएं कलीमुद्दीन के समर्थन में उतरीं

नीरज सिसौदिया, बरेली
124 शहर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार मो. कलीमुद्दीन ने विरोधी दावेदारों के साथ ही भाजपा को भी करारा झटका दिया है। महिला सम्‍मान समारोह के बहाने कलीमुद्दीन ने भारतीय जनता पार्टी के किले में सेंध लग ली है। दिलचस्‍प बात यह है कि खुद भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्‍यक्ष के चचेरे भाई ने इस कार्यक्रम का आयोजन कराया था। जिसमें परतापुर चौधरी भीम नगर – रामनगर की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि ओमेगा क्‍लासेज के डायरेक्‍टर और शहर सीट से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार मो. कलीमुद्दीन रहे। सम्‍मान पाकर महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं था। महिलाओं के लिए ऐसा सम्‍मान समारोह इलाके में पहले शायद ही हुआ हो। भाजपा के घर में कलीमुद्दीन की इस धमाकेदार एंट्री ने भाजपा की जड़ें हिलाकर रख दी हैं।


दरअसल, हिन्‍दू समाज में अपनी ताकत दिखाने के उद्देश्‍य से मो. कलीमुद्दीन की ओर से परतापुर चौधरी रोड नंबर एक पर शुक्रवार की शाम को एक महिला सम्‍मान समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन की पूरी जिम्‍मेदारी दीपक राठौर ने संभाली। सम्‍मानित होने वाली महिलाओं के चयन से लेकर कार्यक्रम के आयोजन तक में दीपक राठौर मुख्‍य भूमिका निभाते नजर आए। इस सम्‍मान समारोह में सैकड़ों की तादाद में महिलाएं उमड़ीं और कलीमुद्दीन के गुणगान करतीं नजर आईं। दीपक राठौर के चचेरे भाई राहुल राठौर इसी इलाके में भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्‍यक्ष हैं। कार्यक्रम स्‍थल पर राहुल राठौर भी मौजूद थे लेकिन पार्टी की नीतियों के चलते उन्‍होंने मंच से दूरी बनाए रखी। इतनी बड़ी तादाद में राठौर समाज की महिलाओं का साथ मिलने के बाद कलीमुद्दीन की दावेदारी और भी मजबूत नजर आ रही है।

इस कार्यक्रम के आयोजन से कलीमुद्दीन ने यह साबित कर दिया है कि वह भाजपा के बूथ अध्‍यक्ष स्‍तर के लोगों को भी समाजवादी पार्टी के पाले में लाने का दम रखते हैं। यानी वह भाजपा को उस स्‍तर पर भी कमजोर करने की हिम्‍मत रखते हैं जो कि भगवा दल की सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन है और भाजपा को वही उम्‍मीदवार मात दे सकता है जो उसके संगठन में सेंध लगाने में सक्षम हो। महिला सम्‍मान समारोह के जरिये कलीमुद्दीन ने यह साबित कर दिया है कि वह भाजपा के संगठनात्‍मक ढांचे को तोड़ने में सक्षम हैं।
बहरहाल, कलीमुद्दीन की ओर से आयोजित महिला सम्‍मान समारोह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस सम्‍मेलन के बाद विरोधी दावेदारों की नींदें उड़ गई हैं। समारोह में सपा नेता मोंटी शुक्‍ला, स्‍थानीय पार्षद ओवैस खान और सपा यूथ ब्रिगेड के जिला अध्‍यक्ष सहित बड़ी तादाद में अन्‍य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *