देश

भाजपा ने फाइनल किए लोकसभा के 150 उम्मीदवार, आज होगा एलान

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए कई राज्यों में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए बुधवार को मंथन किया। पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची के लिए लगभग 150 नामों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक वीरवार को होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इसी तरह की बैठकें अब तक उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के नेताओं के साथ हुई हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह जैसे दिग्गजों के नाम शामिल होने की उम्मीद है। उनके अनुसार कई ऐसी सीट पर भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा सकती है जिन पर 2019 के चुनावों में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। साल 2019 के चुनाव के समय भाजपा की पहली सूची में मोदी और शाह के भी नाम शामिल थे। शाह उस समय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उन्होंने गांधीनगर से पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा था। साल 2019 में नामों की सूची निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के बाद ही जारी की गई थी। इस बार यह स्थिति अलग होने जा रही है। भाजपा ने पिछले दिनों पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान चुनावों की घोषणा से काफी पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी, खासकर उन सीटों पर जो पांच साल पहले वह हार गई थी। पार्टी लोकसभा चुनाव में इस पहल को बरकरार रखना चाहती है। मोदी ने इस साल अप्रैल-मई में संभावित लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए 370 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है जबकि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए यह लक्ष्य 400 से अधिक सीटें जीतने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *