नीरज सिसौदिया, बरेली
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लगातार चीख-चीख कर यह दावे करते आ रहे हैं कि यूपी की नौकरशाही भ्रष्टाचार में लिप्त है लेकिन योगी आदित्यनाथ लगातार उनके दावों को खारिज करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का दावा करते रहते हैं। योगी आदित्यनाथ के इन दावों को अब बरेली के मेयर और वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश गौतम एवं उनके समर्थक भाजपा नेताओं ने आईना दिखा दिया है। इन नेताओं के दावे यह दर्शाते हैं कि योगी आदित्यनाथ जमीनी हकीकत से पूरी तरह वाकिफ नहीं हैं। अब या तो योगी आदित्यनाथ के दावे खोखले हैं या फिर मेयर उमेश गौतम और उनके समर्थक भाजपा नेता झूठ बोल रहे हैं। दोनों ही सूरत में एक बात तो स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार हो रहा है।
दरअसल, कुछ समय पहले तक पूरा मामला शांत था। कहीं कोई भ्रष्टाचार सत्ता पक्ष को नजर नहीं आ रहा था लेकिन शनिवार को जैसे ही बरेली विकास प्राधिकरण की टीम प्रेम नगर थानांतर्गत प्रभात नगर में सील किए गए एक निर्माणाधीन शोरूम की सील खोलने वाले शोरूम मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची तो मेयर उमेश गौतम और उनके समर्थक बीडीए अधिकारियों से पुलिस की मौजूदगी में ही भिड़ गए। नौबत हाथापाई तक आ पहुंची और मेयर के समर्थक मारपीट पर उतारू हो गए। वो बीडीए अधिकारी के कपड़े खींचने लगे और उसे धक्का देने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसके बाद मेयर ने समाचार पत्रों को दिए गए बयान में योगी सरकार के अधिकारियों के भ्रष्टाचार की पोल खोल डाली।

एक प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र ने मेयर उमेश गौतम के हवाले से लिखा, ‘बीडीए ने लूट मचा रखी है। तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर व्यापारियों से वसूली की जा रही है। बीडीए के एई अनिल कुमार के नेतृत्व में जेई रमन कुमार और एक गुंडा 15-20 लोगों के साथ आया था और शोरूम मालिक रोहित शौरी से 50 हजार रुपए छीन लिए। बीडीए के वीसी और सचिव के लिए भी पांच लाख रुपए मांगे। भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों पर भी एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाए। बीडीए के अफसर कह रहे हैं कि शोरूम का नक्शा पास नहीं था लेकिन हकीकत यह है कि नक्शा 1984 से पास है। लड़ाई नक्शे की नहीं है, आर्किटेक्ट से मिलने वाले कमीशन की है। अब शोरूम संचालक, आर्किटेक्ट के भाई को परेशान किया जा रहा है। निर्माण को लेकर शोरूम सील नहीं किया गया, फिनिशिंग के काम पर शोरूम सील किया गया। फिनिशिंग तो कोई भी करा सकता है। इसमें शोरूम सील कराने का मतलब क्या है।” मेयर का यह बयान दैनिक समाचार पत्र ने प्रमुखता से प्रकाशित किया जो उत्तर प्रदेश की उस कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है जिसकी दुहाई देते योगी आदित्यनाथ सकते नहीं हैं। अगर मेयर की बात में सच्चाई है तो यूपी की कानून व्यवस्था इतनी लचर हो गई है कि अब सरकारी अधिकारी खुलेआम किसी भी व्यापारी के शोरूम पर जाते हैं और पचास हजार रुपए लूटकर ले जाते हैं और अपने जब उस अधिकारी को भीड़ सबक सिखाने जाती है तो खुद योगी सरकार की पुलिस ही उस लुटेरे अधिकारी को बचाती नजर आती है।







