नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक शमीम खां सुल्तानी ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज कराया है। शमीम खां सुल्तानी समाजवादी पार्टी के ऐसे पहले महानगर अध्यक्ष बन चुके हैं जिन्होंने लगातार पांच साल तक इस पद को सुशोभित किया है। वह मौजूदा समय में भी पार्टी के महानगर अध्यक्ष हैं। शमीम खां सुल्तानी की इस उपलब्धि पर सोमवार सुबह से लेकर रात 1:00 बजे तक बधाइयों और जश्न का सिलसिला चलता रहा। शमीम खां सुल्तानी की इस उपलब्धि पर सबसे शानदार आयोजन समाजवादी पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. अनीस बेग की ओर से उनके आकाशपुरम स्थित आवास पर किया गया। देर रात हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और पगड़ी पहनाकर शमीम खां सुल्तानी काे सम्मानित किया।
अपनी इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह के लिए शमीम खां सुल्तानी ने डॉ. अनीस बेग और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इंडिया टाइम 24 से खास बातचीत में शमीम खां सुल्तानी ने कहा, ‘मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे इस पद के लायक समझा और मुझ पर इतना भरोसा जताया कि मैं आज इस मुकाम को हासिल कर पाया हूं। मैं आगे भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। माननीय अखिलेश यादव जी के पीडीए के अभियान को हम बरेली में आगे बढ़ा रहे हैं और मैं यह भरोसा दिलाता हूं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हम प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार और अखिलेश जी को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे। साथ ही मैं डॉ. अनीस बेग और उनकी पूरी टीम का भी शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मेरी इस उपलब्धि को एक शानदार आयोजन के माध्यम से यादगार बना दिया।’
इस अवसर पर डॉ. अनीस बेग ने कहा कि शमीम खां सुल्तानी जी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ने बरेली महानगर में नई ऊंचाइयों को छुआ है और यह सिलसिला आगे भी यूं ही चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि शमीम खां सुल्तानी ने अपने राजनीतिक कौशल और जी-तोड़ मेहनत के दम पर आज इस मुकाम को हासिल किया है। इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं। इसीलिए उनके सम्मान में आज इस शानदार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। मैं अपनी पूरी टीम की ओर से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’
सम्मान समारोह में सपा के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद साजिद, कांग्रेस के पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉक्टर मेंहदी हसन, देवरनिया नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन हाफिज इकराम खां, रजा एक्शन कमेटी के उस्मान रजा खां, महताब, उवेश रजा खां, चौधरी राशिद खां, नदीम, पप्पू, नजीब, परवेज, डॉक्टर अज़हर, दानिश आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
चुनौतियों भरा रहा सुल्तानी का सफर
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष के तौर पर शमीम खां सुल्तानी का सफर बेहद चुनौतियों भरा रहा है। सुल्तानी को पार्टी की कमान उस वक्त मिली थी जब पार्टी प्रदेश की सत्ता से बाहर हो चुकी थी और लोकसभा चुनाव भी बुरी तरह हार चुकी थी। सुल्तानी ने 16 मार्च 2020 को महानगर अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी लेकिन उनकी ताजपोशी के महज छठे दिन कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पूरे देश में लॉकडाउन लग गया। आगे 2022 के विधानसभा चुनाव भी थे जो 2022 की शुरुआत में ही होने थे।
आपदा को अवसर में बदला
कोरोना की आपदा को शमीम खां सुल्तानी ने अवसर में बदला और कोरोना काल में दूर-दराज से आने वाले राहगीरों के संकटमोचक बने। महानगर की बेबस जनता को दो वक्त का भोजन उपलब्ध कराया और जिंदगी एवं मौत के बीच जूझ रहे लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई। बिहार से आ रहे पड़ोसी जिले के 18-20 मजदूरों को रामपुर देहात स्थित उनके घरों तक पहुंचाने का काम किया। इसने लोगों के मन में समाजवादी पार्टी के प्रति सम्मान की भावना में इजाफा किया और महानगर ईकाई ने सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ।
ऐसे बढ़ा महानगर में पार्टी का ग्राफ, चुनावों में रहा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
शमीम खां सुल्तानी के कार्यकाल में एक विधानसभा और एक लोकसभा चुनाव हुए। दोनों ही चुनावों में भले ही पार्टी को जीत हासिल नहीं हुई लेकिन पार्टी ने महानगर में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। शहर विधानसभा सीट पर जहां पार्टी को आम तौर पर 35-40 हजार वोटों से शिकस्त झेलनी पड़ती थी और पार्टी कभी 60-70 बूथ से अधिक नहीं जीत सकी थी वहीं, इस बार पार्टी ने यहां 157 बूथों पर जीत हासिल की और हार का अंतर सिमटकर महज 18 हजार वोटों पर आ गया। इसी तरह कैंट विधानसभा सीट पर भी पार्टी को जहां भारी वोटों से हार मिलती आ रही थी वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी यहां महज 3200 वोटों से ही भाजपा से पीछे रही। पार्टी ने यहां 142 बूथों पर जीत हासिल की जबकि एक बूथ पर उसे भाजपा के बराबर वोट मिले।
नए सदस्यों को जोड़ने का बनाया कीर्तिमान
शमीम खां सुल्तानी के कार्यकाल में पार्टी ने नए सदस्यों को जोड़ने का भी काम किया। वर्तमान में महानगर में पार्टी के 37500 सदस्य हैं। शमीम खां सुल्तानी मौजूदा समय में भी पार्टी के महानगर अध्यक्ष हैं। पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल है। बीच में कुछ दिनों के लिए महानगर कमेटी भंग कर दी गई थी। उस दौरान सुल्तानी ने कार्यवाहक अध्यक्ष की भूमिका निभाई थी।
महानगर कमेटी में हर जाति-धर्म को दी तरजीह
शमीम खां सुल्तानी ने अपनी महानगर कमेटी में जाति-धर्म को लेकर कभी कोई भेदभाव नहीं किया। 51 सदस्यीय महानगर कमेटी में उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया। सवर्णों के साथ ही दलितों और पिछड़ों को भी जगह दी। सबसे सराहनीय पहलू यह रहा कि इतनी वेल क्वालीफाइड कमेटी बरेली ही नहीं वरन् आसपास के किसी भी जिले में नहीं रही। महानगर कमेटी में 10 लॉ ग्रेजुएट, दो बीडीएस पास डॉक्टर, एमबीए, रिटायर्ड बैंक मैनेजर और सीए तक शामिल किए गए हैं। सुल्तानी की अध्यक्षता वाली कमेटी युवाओं और अनुभवी नेताओं का संगम रही है।
इनका रिकॉर्ड तोड़ा
सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद के नाम सबसे लंबे समय तक महानगर अध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह छह बार महानगर अध्यक्ष बनाए गए लेकिन वह कभी भी लगातार पांच साल तक महानगर अध्यक्ष नहीं रहे। हालांकि उनका कुल कार्यकाल करीब 15 साल का रहा है। कदीर अहमद के बाद तीसरे नंबर पर मरहूम डॉ. मोहम्मद खालिद का नाम आता है। डॉक्टर खालिद लगभग पौने चार साल तक महानगर अध्यक्ष रहे थे।
पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में चलाए गए सदस्यता अभियान में बरेली ने उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 750 सक्रिय सदस्य बनाए। वहीं लगभग 35 हज़ार साधारण सदस्य बनाएं गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर चलाएं जा रहे पीडीए चर्चा अभियान में महानगर के कार्य क्षेत्र में आने वाले शहर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्रों में 29 पीडीए पंचायतें कर प्रदेश नेतृत्व से पीठ थपथपा चुके हैं। आज इसी कड़ी में महानगर अध्यक्ष के कार्यकाल के 5 वर्ष पूर्ण होने पर महासचिव पंडित दीपक शर्मा की अगुआई में शमीम खां सुल्तानी का पार्टी कार्यालय पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी को पार्टी नेताओं द्वारा मालाएं पहनाकर तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनन्दन किया गया।
स्वागत करने वालों में महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव, सुरेन्द्र सोनकर, सैफ वली खां, कैंट विधानसभा अध्यक्ष रोहित राजपूत, महिला सभा की महानगर अध्यक्ष सरताज़ गज़ल अंसारी, युवजन सभा महानगर अध्यक्ष दीपक यादव, अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन खान, व्यापार सभा महानगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता, बाबा साहब वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमित गिहार, प्रमोद अग्रवाल, दिलीप कुमार, छेदा लाल दिवाकर, शोएब खान, वरुण गिहार, जावेद गद्दी, अमरीश यादव आदि प्रमुख पदाधिकारी गण मौजूद रहे।