यूपी

लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष को सम्मानित कर रहे थे सपा जिला अध्यक्ष पद के दावेदार महेंद्र सिंह लोधी राजपूत और राष्ट्रीय सचिव साधना सिंह, इधर, जिला पार्टी कार्यालय से हटवा दिए उनके फ्लैक्स, पढ़ें किस मोड़ पर जा रही है बरेली सपा की सियासत?

नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी की बरेली जिले की सियासत नए मोड़ पर आ खड़ी हुई है। एक तरफ सपा के जिला अध्यक्ष बदले जाने की चर्चाओं का बाजार गर्म हो रहा है तो दूसरी ओर जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों की बढ़ती तादाद मौजूदा पदाधिकारियों को परेशान कर रही है। ये पदाधिकारी अब इतने निम्न स्तर की राजनीति पर उतारू हो गए हैं कि पार्टी कार्यालय की दीवारों और आसपास से पार्टी के पदाधिकारियों के फ्लैक्स तक उतार दे रहे हैं। ताजा मामला सपा के महानगर सचिव लोधी महेंद्र सिंह राजपूत और महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव लोधी साधना सिंह राजपूत का है। महेंद्र सिंह ने हाल ही में पार्टी के जिला अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आवेदन सौंपा है। शनिवार को यह समाचार जैसे ही मीडिया में प्रसारित हुआ तो पार्टी कार्यालय पर लगे उनके फ्लैक्स जिला अध्यक्ष शिवचरन कश्यप के आदेश पर उतरवा दिए गए। इधर लखनऊ में महिला सभा की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में होनी थी। राष्ट्रीय पदाधिकारी होने के नाते साधना सिंह राजपूत लखनऊ चली गईं। उनके साथ महेंद्र सिंह भी लखनऊ गए थे। वहां रविवार को दोनों नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी का चित्र देकर सम्मानित किया और इधर बरेली में उनके फ्लैक्स उतरवा दिए गए। महेंद्र सिंह लोधी ने इस पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह कदम बौखलाहट में उठाया गया है। इस पर उन्हें ज्यादा कुछ नहीं कहना है क्योंकि यह पार्टी का मामला है।

यही फ्लैक्स हटाया गया है पार्टी कार्यालय से

बता दें कि शिवचरन कश्यप अब तक गैर यादव होने का लाभ उठाकर कुर्सी पर काबिज होते रहे हैं लेकिन इस बार लोधी महेंद्र सिंह राजपूत के तौर पर एक और गैर यादव ओबीसी नेता से उन्हें सीधी चुनौती मिल रही है। बहरहाल, महेन्द्र सिंह और साधना सिंह के फ्लैक्स हटाए जाने से नेताद्वय के समर्थकों में रोष व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *