यूपी

उन्हीं स्कूलों को बंद कर रही भाजपा जिन स्कूलों पर बने बूथों में हारी थी चुनाव, इन्हीं स्कूलों पर 15 अगस्त को झंडा फहराएगी सपा, पढ़ें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने और क्या-क्या किए खुलासे?

Share now

नीरज सिसौदिया, नई दिल्ली

समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकारी स्कूलों को मर्ज करने पर शनिवार को एक बार फिर उत्तर प्रदेश की भाजपानीत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उन्हीं स्कूलों को बंद कर रही है जिन स्कूलों में बने बूथों पर उसे पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। सपा प्रमुख ने महाराष्ट्र में हिन्दी भाषा के मामले में मारपीट की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश की सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए मगर हिन्दी भाषी लोगों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यादव ने शनिवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि महाराष्ट्र में हिन्दी भाषा का विरोध सही नहीं है। भाजपा इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है जो गलत है। भाजपा की मंशा समाज में खाई पैदा कर राजनीतिक लाभ उठाना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग सभी भारतीय भाषाओं के पक्षधर है। हम चाहते हैं कि हिंदी, मराठी, तमिल, कन्नड, उर्दू समेत सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान हो। भाषाओं के मुद्दे को उठाकर लोग राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं। किसी भी भाषा के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। सबका सम्मान होना चाहिए। हम चाहते हैं भाषाओं के विकास पर हजारों करोड़ का बजट आए। भाषाओं का विकास हो। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा साजिश के तहत उन्हीं स्कूलों को बंद कर रही है। जिन बूथों पर वह चुनाव हारी है। 15 अगस्त को समाजवादी पार्टी के नेता इन स्कूलों के गांव-गांव जाकर स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराएंगे और गांव के लोगों को भाजपा की साजिश से सावधान करेंगे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से लेकर सोनभद्र तक खनिजों की लूट चल रही है। जल जीवन मिशन तो कोई योजना ही नहीं है। यह भाजपा के लूट का मिशन थी। टंकियां गिर रही है। कहीं पानी नहीं पहुंचा। इस योजना का कोई लाभ नहीं हुआ, बहुत भारी भ्रष्टाचार हुआ। इसी तरह से सड़कों के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ हैं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे सात हजार करोड से ज्यादा का बना है। लोग बता रहे हैं कि सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो रहे है, सड़क धंस रही हैं। दरअसल मुख्यमंत्री जी इन कामों के एक्सपर्ट नहीं है। वे जिस काम के एक्सपर्ट हैं उनसे वही काम कराना चाहिए। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में नौकरी, रोजगार के लिए काम नहीं हो रहा है। बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बनाकर भ्रष्टाचार करके पैसे बनाने का खेल चल रहा है। भाजपा गरीबों को शिक्षा से दूर करने की साजिश कर रही है। प्राइमरी स्कूल बंद कर रही है। भाजपा चाहती है महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर उससे कोई सवाल न करें। जब गरीब नहीं पढ़ेगा तो सवाल भी नहीं करेगा। स्कूल बंद हो जाएगा तो बच्चियां कैसे पढ़ने जाएंगी। उन्होने कहा कि भाजपा चुनाव में वोटर लिस्ट को लेकर धांधली करती है। भाजपा हर चुनाव में बेईमानी का नया तरीका लेकर आती है। हम समाजवादियों की नजर वोटर लिस्ट पर हैं सभी नेता कार्यकर्ता वोटर लिस्ट ठीक करें। इस मौके पर लखीमपुर में तेंदुए से लड़ने वाले साहसी मजदूर मिही लाल गौतम को बुलाकर सम्मानित किया गया। पिछली 24 जून को मिही लाल ग्राम सभा बबुरी भट्ठे पर गया था वहां छुपे तेदुएं ने उस पर अचानक हमला कर दिया। गौतम का कहना था कि उसके सामने जीवनमरण का प्रश्न था उसने फिर तेंदुए से भिड़ जाना ही ठीक समझा। मिही लाल को दो लाख रुपये का चेक देकर राज्य सरकार से भी आर्थिक मदद किये जाने की मांग की। श्री गौतम की पत्नी पुष्पा देवी, बेटा संजय कुमार और भांजा राजेश कुमार ने भी साथ में भेंट की। प्रेस कांफ्रेंस में सांसद आनन्द भदौरिया, सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, पूर्व एमएलसी अरुण शंकर शुक्ला अन्ना, पूर्व विधायक मोहम्मद अशरफ खां समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *