यूपी

उमेश गौतम का मौलाना प्रेम : राम मंदिर निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य का अपमान करने वाले दरगाह आला हजरत से निकाले गए बहराइची मौलाना की पुस्तक का भाजपा के मेयर उमेश गौतम ने किया विमोचन, विवादों में घिरे, पढ़ें क्या है पूरा मामला?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

बरेली नगर निगम के मेयर डॉक्टर उमेश गौतम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य का अपमान करने वाले ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष बहराइच में जन्मे और बरेली में दरगाह आला हजरत से लगभग एक दशक पहले निकाले गए मौलाना शहाबुद्दीन रजवी से जुड़ा है। मेयर उमेश गौतम ने गुरुवार को जगद्गुरु रामभद्राचार्य का अपमान करने वाले मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की पुस्तक तारीख ए इस्लाम का विमोचन किया। इस विमोचन समारोह में मेयर ने मुस्लिम समाज से भेदभाव न करने का संदेश दिया। साथ ही यह भी कहा कि हर मुस्लिम को आतंकवादी कहना गलत है। उन्होंने मिलजुल कर रहने और तारीख-ए-इस्लाम पुस्तक काे जरूर पढ़ने की अपील भी की।
दो दिन पहले ही मौलाना शहाबुद्दीन ने स्वामी रामभद्राचार्य का अपमान करते हुए कहा था कि भारत कभी भी हिन्दू राष्ट्र नहीं बन सकता है।
मौलाना ने कहा था कि रामभद्राचार्य कह रहे हैं कि भारत में जिस दिन 80 फीसद हिंदू आबादी हो जाएगी उस दिन भारत भगवा-ए-हिंद घोषित कर दिया जाएगा। उनको ये जानकारी नहीं है कि भारत सरकार के रिकॉर्ड के मुताबिक 19 फीसद मुस्लिम आबादी है और 81 फीसद गैर मुस्लिम आबादी है। उन्होंने भगवा-ए-हिंद का नारा गज़वा-ए-हिंद के मुकाबले में दिया है। शहाबुद्दीन रज़वी ने आगे कहा कि रामभद्राचार्य और धीरेंद्र शास्त्री ऐसे बयान दे रहे हैं जिससे गजवा-ए-हिंद का नारा लगाने वाले कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों को बल मिल रहा है। इन दोनों के नारों में और कट्टरपंथियों के नारे में क्या फर्क रह जाएगा। इस तरह की बातों से देश की छवि धूमिल होती है। कट्टरपंथियों के हौसले बुलंद होते हैं। भारत कभी भी हिंदू राष्ट्र नहीं बन सकता है।
एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जगद्गुरु रामभद्राचार्य के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते हैं और दूसरी तरफ मेयर उमेश गौतम उस मौलाना शहाबुद्दीन की पुस्तक का प्रचार करते हैं जो रामभद्राचार्य के बयानों को देश की छवि को धूमिल करने वाला बयान करार दे रहे हैं। ऐसे मौलाना के साथ मंच साझा कर उमेश गौतम क्या संदेश देना चाहते हैं? वह मौलाना की किताब का प्रचार क्यों कर रहे हैं? ऐसी कौन सी राजनीतिक मजबूरी रही कि उमेश गौतम को स्वामी रामभद्राचार्य जैसे संत का अपमान करने वाले वाले मौलाना से हाथ मिलाना पड़ा है? ऐसे कई सवाल हैं जिन्हें लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। साथ ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उमेश गौतम समाजवादी पार्टी से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं जिसके चलते वो मुसलमानों को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं।

पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान मेयर उमेश गौतम, मौलाना शहाबुद्दीन रजवी और अन्य।

अब जरा गौर फरमाएं मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के इतिहास पर। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का जन्म यूपी के बहराइच जिले में हुआ था लेकिन वह अपने नाम के आगे बरेलवी लगाते हैं। एक समय मौलाना शहाबुद्दीन रजवी मुस्लिमों के प्रतिष्ठित संगठन जमात रजा ए मुस्तफा के पदाधिकारी थे लेकिन लगभग एक दशक पूर्व उन्हें हटा दिया गया। अब दरगाह आला हजरत से उनका कोई लेना-देना नहीं है। दरगाह आला हजरत कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य इस बात से भी नाराज हैं कि वह दरगाह के नाम का इस्तेमाल कथित तौर पर अपने निजी स्वार्थ साधने के लिए करते हैं। दरगाह से बहिष्कृत किए जाने के बाद मौलाना शहाबुद्दीन ने अपने संगठन का नाम ऑल इंडिया मुस्लिम जमात रख लिया ताकि उन्हें दरगाह का लाभ मिलता रहे। आला हजरत खानदान के वारिसान भी उनसे खफा हैं। मौलाना शहाबुद्दीन सुर्खियों में रहने के लिए अक्सर ऊल-जुलूल और विवादित बयान देते रहते हैं। उन्होंने महाकुंभ मेले के दौरान भी एक विवादित बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि महाकुंभ मेला वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर आयोजित किया जा रहा है।
यह सब जानते हुए भी उमेश गौतम उनकी पुस्तक का प्रचार कर रहे हैं। बहरहाल, उमेश गौतम का एजेंडा और भाजपा के हिन्दुत्व का एजेंडा आम जनता को भ्रमित कर रहा है। इस दौरान उमेश गौतम के साथ पार्षद सर्वेश रस्तोगी भी थे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *