नीरज सिसौदिया, बरेली
नगर निगम बोर्ड का 3 साल कार्यकाल पूरा होने पर सपा पार्षद दल ने नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना की अगुवाई में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार की नाकामयाबी के विरुद्ध नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय को ज्ञापन सौपकर जनहित में समाधान की मांग की।
सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने कहा कि 3 साल पहले शपथ ग्रहण समारोह में नगर निगम में ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार के मुखिया द्वारा बाकरगंज से 100 दिनों के अंदर कूड़े का पहाड़ खत्म करने सहित अन्य लोक लुभावने वादे किए थे जोकी हवा हवाई साबित हुए आज 3 साल पूरा होने के बाद भी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तक को नगर निगम की सरकार जनता के लिए चला नहीं पाई है जिसके कारण कूड़े के पहाड़ से बाकरगंज और उसके आसपास क्षेत्र में रहने वाले लाखों क्षेत्र वासियों का जीवन दुश्वार है इसके अलावा बरेली की भोली भाली जनता को स्मार्ट सिटी बरेली के नाम पर गुमराह किया जाता है क्योंकि 80 वार्डों में से केवल 6 वार्डों में स्मार्ट सिटी के अरबो रुपए लगा दिया जाता है उसके बाद भी स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं को शुरू न करवा पाना उनकी नाकामयाबी का बड़ा उदाहरण है जबकि जनता पूरी बरेली को स्मार्ट बरेली के नाम से जानती है और अपने हर वार्ड को स्मार्ट वार्ड बनाना चाहती है इसलिए स्मार्ट सिटी बरेली केवल जनता के साथ नाम का धोखा है उन्होंने कहा कि कागजों में ऐतिहासिक बजट पास करने वाली नगर निगम की भाजपा सरकार कुत्ते और बंदरों से भी जनता को राहत नहीं दिला पा रही है कुछ दिनों पहले एक महिला की कुत्ते के हमले के कारण बाइक से गिरने से मृत्यु हो जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है इसके अतिरिक्त अनेकों घटनाएं कुत्ते और बंदरों के आतंक के कारण घट चुकी हैं नाले में एक व्यक्ति के गिरने से मृत्यु हो जाने के बाद नगर निगम प्रशासन जागता है उसके बाद नालों को कवर कराया जाता है।
वरिष्ठ पार्षद अब्दुल कयूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी और शमीम अहमद ने कहा कि गुलाबनगर, आजमनगर, शाहबाद आदि इलाकों में सीवर और नाले नालियों का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से हजारों लोग प्रभावित हैं लोगों को घरों से निकलना भी दुभर है जबकि कल ईद का त्यौहार है पार्षद आरिफ कुरैशी ने शिकायत कि की काफी लंबे समय से स्वयं उनके घर की गली में सीवर का गंदा पानी भरा पड़ा है जिसकी कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ।

सपा पार्षद दल ने वार्डों के अंदर ठेकेदारों द्वारा अधूरे छोड़े गए निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द कराए जाने सहित बरसात के मौसम को देखते हुए जल्द से जल्द नालों की तली झाड़ सफाई कराकर उनका भौतिक सत्यापन कराने की मांग सहित जहां जहां जल भराव की संभावना है अथवा जल भराव रहता है वहां पर निर्माण कार्य प्राथमिकता पर करने की मांग की।
सपा पार्षद दल ने अपरनगर आयुक्त से कहा है कि अगर उनके ज्ञापन पर जनहित पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा धरना प्रदर्शन अथवा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
सपा पार्षद दल ने ईद के मौके पर नगर निगम क्षेत्र में तीन दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाने एवं अवशेष व वेस्ट को समय से उठवाने की भी मांग की।
ज्ञापन देने वालों में सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना के साथ अब्दुल कय्यूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी, शमीम अहमद, अलीम सुल्तानी, इकबाल बिल्डर, गुलबशर अंसारी आदि मौजूद रहे।




