नीरज सिसौदिया, बरेली
आंवला विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार और क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। रविवार को उनकी जन्मभूमि ग्राम पंचायत एवं कस्बा अलीगंज में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान ऐसा ही माहौल देखने को मिला, जहां खेल के साथ-साथ राजनीतिक संदेश भी साफ तौर पर दिखाई दिया।
क्रिकेट मैच कमेटी द्वारा डॉ. जीराज सिंह यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मैच शुरू होने से पहले राष्ट्रीय गान का सामूहिक गायन हुआ, जिसके बाद प्रतियोगिता का विधिवत आगाज हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा, खेल प्रेमी और विभिन्न समाजों के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मैदान पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में मौजूद युवाओं ने डॉ. जीराज सिंह यादव का स्वागत किया और उनके समर्थन में हाथ उठाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की मांग का समर्थन व्यक्त किया। युवाओं के इस समर्थन को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आंवला विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की भूमिका निर्णायक मानी जाती है।
डॉ. जीराज सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और भाईचारे की सीख देने का सबसे सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमेशा युवाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की बात करते रहे हैं और उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा नौजवानों, किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के हितों की रक्षा करने की रही है। युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर मिलें, इसके लिए अखिलेश यादव लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और प्रदेश की राजनीति में भी नौजवानों की भागीदारी बढ़ेगी।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डॉ. जीराज सिंह यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने अपने अस्पताल की ओर से विजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद धनराशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये की धनराशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन के सदस्यों में काफी उत्साह दिखाई दिया।

डॉ. जीराज सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। यदि युवाओं को सही दिशा और अवसर मिलें तो वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने भविष्य में भी क्षेत्र में खेल प्रतियोगिताओं और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी खेलों को बढ़ावा देने की इस पहल की सराहना की। स्थानीय युवाओं का कहना था कि डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार सामाजिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय रहते हैं और क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा सहयोग करते हैं। इसी कारण उनके प्रति युवाओं और आम जनता में विशेष लगाव देखने को मिलता है।

अलीगंज में आयोजित इस क्रिकेट प्रतियोगिता ने न केवल खेल भावना को मजबूत किया, बल्कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी नया उत्साह पैदा किया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी और उनके समर्थन ने यह संकेत दिया कि आंवला विधानसभा की राजनीति में डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। खेल के मैदान से निकला यह संदेश आने वाले विधानसभा चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




