यूपी

फरीदपुर विधानसभा सीट : वरिष्ठ सपा नेता चंद्रसेन सागर ने सबसे अलग अंदाज में मनाया पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन, गोपालपुर में जुटे गुर्जर, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के लोग, मंदिर परिसर से दिया सामाजिक एकता का संदेश

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

फरीदपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट की लड़ाई जैसे-जैसे तेज होती जा रही है, वैसे-वैसे दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ने लगी है। इसी क्रम में बुधवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख और फरीदपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रबल टिकट दावेदार चंद्रसेन सागर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन कुछ अलग अंदाज में मनाकर न सिर्फ अपनी सक्रियता का परिचय दिया, बल्कि कई अहम राजनीतिक संदेश भी दे दिए।


फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव गोपालपुर स्थित पाकड़वाले बाबा मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय गुर्जर समाज के लोगों के साथ-साथ पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और अन्य वर्गों के लोग शामिल हुए। मंदिर परिसर में केक काटा गया, बच्चों को मिठाई और बर्थ-डे कैप वितरित की गई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया।
हालांकि यह आयोजन अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर था, लेकिन इसकी राजनीतिक अहमियत कहीं अधिक दिखाई दी।
चंद्रसेन सागर ने कार्यक्रम के लिए मंदिर परिसर का चयन कर यह संदेश देने की कोशिश की कि समाजवादी पार्टी केवल एक वर्ग की नहीं, बल्कि सभी समाजों की पार्टी है। कार्यक्रम में विभिन्न जातियों और समुदायों की मौजूदगी ने भी इस संदेश को मजबूत किया।


मौजूदा दौर में धार्मिक और सामाजिक प्रतीकों का महत्व लगातार बढ़ा है। ऐसे में मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर चंद्रसेन सागर ने सामाजिक समरसता और सर्वसमावेशी राजनीति का संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रसेन सागर ने समाजवादी पार्टी के सबसे बड़े राजनीतिक अभियान पीडीए को विस्तार से समझाया।
उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब केवल एक नारा नहीं बल्कि सामाजिक न्याय की अवधारणा है। उन्होंने कहा कि ‘पी’ यानी पिछड़ा, जिसमें सभी पिछड़ी जातियां आती हैं। ‘डी’ यानी दलित, जिसमें वाल्मीकि, जाटव सहित सभी अनुसूचित जातियां शामिल हैं। जबकि ‘ए’ यानी अल्पसंख्यक और अगड़ी जातियों के वे गरीब लोग, जिन्हें अब तक आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाया।


उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए के सभी वर्गों को उनका संवैधानिक और सामाजिक अधिकार दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय और समान अवसर की राजनीति करती रही है और आगे भी यही उसकी प्राथमिकता रहेगी।
चंद्रसेन सागर पिछले कई वर्षों से अखिलेश यादव का जन्मदिन अलग-अलग समाजों के बीच जाकर मनाते रहे हैं। इस बार उन्होंने फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के ऐसे गांव का चयन किया, जहां गुर्जर समाज की अच्छी आबादी है। इससे यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि समाजवादी पार्टी किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है बल्कि हर समाज के साथ संवाद स्थापित कर रही है।


कार्यक्रम में स्थानीय गुर्जर समाज के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी ने इसे और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया। फरीदपुर विधानसभा का चुनावी गणित देखें तो गुर्जर समाज यहां निर्णायक भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को लगभग 3000 वोटों के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। गुर्जर समाज के मतदाताओं की संख्या इस हार के अंतर से कहीं अधिक है। ऐसे में यदि इस समाज का बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी के साथ आता है तो विधानसभा का चुनावी समीकरण बदल सकता है। इसी वजह से चंद्रसेन सागर का यह आयोजन केवल जन्मदिन समारोह नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
समाजवादी पार्टी से फरीदपुर विधानसभा सीट के लिए कई नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। बुधवार को बरेली स्थित पार्टी कार्यालय में भी अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया गया, जहां अधिकांश दावेदार औपचारिक रूप से मौजूद रहे। लेकिन चंद्रसेन सागर ने पार्टी कार्यालय तक सीमित रहने के बजाय सीधे अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच कार्यक्रम आयोजित किया। राजनीतिक जानकार इसे टिकट की दौड़ में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। उनका मानना है कि जहां अन्य दावेदार संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित रहे, वहीं चंद्रसेन सागर ने जनता के बीच जाकर अपनी सक्रियता और जनसंपर्क दोनों का प्रदर्शन किया।

बच्चों के बीच भी बनाया जुड़ाव
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को केक खिलाया और बर्थ-डे कैप वितरित की गई। इसके अलावा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम केवल राजनीतिक आयोजन नहीं होते बल्कि सामाजिक मेल-जोल और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में चंद्रसेन सागर पिछले काफी समय से लगातार सक्रिय हैं। सामाजिक, धार्मिक और जनसरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी नियमित भागीदारी रही है। चंद्रसेन सागर का यह कार्यक्रम भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें संगठन के साथ-साथ जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता दिखाने का प्रयास किया गया।

कई संदेश छोड़ गया आयोजन
गोपालपुर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने तक सीमित नहीं रहा। इस आयोजन ने एक साथ कई राजनीतिक संदेश दिए। पहला, समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास। दूसरा, गुर्जर समाज सहित विभिन्न जातीय वर्गों के बीच अपनी पकड़ का प्रदर्शन। तीसरा, मंदिर परिसर से सामाजिक समरसता का संदेश। और चौथा, फरीदपुर विधानसभा सीट पर टिकट की दौड़ में अपनी मजबूत दावेदारी का संकेत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *