यूपी

बहेड़ी में अता उर रहमान का शक्ति प्रदर्शन, किसानों के मुद्दों पर हजारों समर्थकों के साथ गरजे, बड़ी संख्या में दूसरे दलों के नेताओं को सपा में कराया शामिल, पढ़ें और क्या-क्या हुआ?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को बहेड़ी में किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। सपा कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक के बाद पूर्व मंत्री एवं **बहेड़ी विधायक **अता उर रहमान के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जुलूस निकालकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान **अता उर रहमान ने किसानों, महंगाई, बिजली संकट, खाद की कमी और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।


बैठक को संबोधित करते हुए अता उर रहमान ने कहा कि आज किसान सबसे ज्यादा परेशान है। खाद के लिए उसे दर-दर भटकना पड़ रहा है, जबकि एक एकड़ से कम भूमि वाले किसानों को सरकार किसान मानने तक को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ना किसानों का बकाया भुगतान समय पर नहीं हो रहा है और सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है।


उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रयासों से किसानों की बहुमूल्य जमीन वापस हुई थी, लेकिन अब उसे फिर से नीलाम करने की तैयारी की जा रही है। उनका आरोप था कि पहले औने-पौने दामों पर जमीन हड़पने की कोशिश की गई थी और अब दोबारा वही प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


अता उर रहमान ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि बहेड़ी नगर में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है और भीषण गर्मी के बीच लोगों को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा लगाए गए हाउस टैक्स को भी उन्होंने जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।


अता उर रहमान ने कहा, “बहेड़ी का किसान और आम आदमी आज सबसे ज्यादा परेशान है। खाद, बिजली, महंगाई और किसानों के बकाया भुगतान जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और हर स्तर पर संघर्ष करेगी।”
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।


बैठक में जिला पंचायत सदस्य डॉ. ब्रह्मस्वरूप सागर ने कहा कि अता उर रहमान ने अपने राजनीतिक जीवन में पीडीए की भावना के अनुरूप दलित समाज के विकास के लिए कई कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि दलित बस्तियों में सीसी रोड, अंबेडकर पार्कों में सोलर लाइट, सामाजिक भागीदारी और संगठन में सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिलाने में अता उर रहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस छोड़कर बड़ी संख्या में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अता उर रहमान ने सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और कहा कि इससे स्पष्ट है कि समाज के विभिन्न वर्ग समाजवादी पार्टी की नीतियों पर विश्वास जता रहे हैं।
बैठक में पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नासिर रजा खां ने की, जबकि संचालन महासचिव हर स्वरूप मौर्य ने किया। महिला सभा सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।

ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाए। महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। बहेड़ी में बिजली संकट का स्थायी समाधान किया जाए। नगर पालिका के हाउस टैक्स की समीक्षा कर आम जनता को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *