यूपी

शिक्षक एमएलसी चुनाव में इंजीनियर अनीस अहमद खां और संजीव सक्सेना ने संभाला मोर्चा, सपा प्रत्याशी के समर्थन में शिक्षकों से साधा सीधा संवाद

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बरेली में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी समर्थित प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के समर्थन में सपा नेताओं ने शिक्षण संस्थानों में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अनीस अहमद खां और पार्टी के प्रभारी संजीव सक्सेना ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों का दौरा कर शिक्षकों से सीधा संवाद किया और हाजी दानिश अख्तर के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान की अपील की।

खास बात यह रही कि शिक्षक एमएलसी चुनाव के बहाने कैंट विधानसभा सीट पर सपा की टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे इंजीनियर अनीस अहमद खां और संजीव सक्सेना एक साथ पार्टी के चुनावी अभियान में सक्रिय नजर आए। दोनों नेताओं ने शिक्षकों के बीच पार्टी की नीतियों और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके साथ पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद और लाल यार खां समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

अभियान के दौरान इंजीनियर अनीस अहमद खां ने नरियावल, ठिरिया नजाबत खां और नकटिया समेत ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के कई शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों से मुलाकात की। उन्होंने शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और सपा समर्थित प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की।

इंजीनियर अनीस अहमद खां ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षक वर्ग के सम्मान, अधिकारों और सेवा सुरक्षा के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज न केवल बच्चों का भविष्य तैयार करता है, बल्कि समाज को दिशा देने में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में शिक्षक वर्ग के हितों की आवाज को मजबूत करने के लिए सपा समर्थित प्रत्याशी को समर्थन देना जरूरी है।

उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने साथियों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें और अधिक से अधिक शिक्षक मतदाता बनवाने का काम करें, ताकि चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी को मजबूत समर्थन मिल सके।

वहीं, संजीव सक्सेना ने भी जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव केवल एक प्रत्याशी के चयन का चुनाव नहीं है, बल्कि यह शिक्षकों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर हाजी दानिश अख्तर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जनसंपर्क अभियान के दौरान नेताओं ने शिक्षकों के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों और शिक्षक वर्ग के हित में किए गए कार्यों को रखा। साथ ही शिक्षक मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र शिक्षकों के नाम शामिल कराने पर भी जोर दिया गया।

इन शिक्षण संस्थानों में हुआ जनसंपर्क

* जामिया फातिमा लेआन स्कूल
* रुहेला इंटरनेशनल स्कूल, उडला
* मॉडर्न पब्लिक स्कूल, पीएसी नकटिया
* साबरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ठिरिया नजाबत खां

अभियान के दौरान विद्यालयों के शिक्षक, प्रबंधक, प्रबुद्ध नागरिक और स्थानीय समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिक्षक एमएलसी चुनाव के इस अभियान में इंजीनियर अनीस अहमद खां और संजीव सक्सेना की सक्रिय मौजूदगी को कैंट विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनाव में कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं और लगातार पार्टी के विभिन्न अभियानों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में अपनी सक्रियता दर्ज करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *