नीरज सिसौदिया, बरेली
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बरेली कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार डॉ. अनीस बेग ने धार्मिक सीमाओं से ऊपर उठकर भाई-बहन के रिश्ते और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। रक्षाबंधन के अवसर पर बरेली और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ मुरादाबाद से भी महिलाएं उनके पास राखी बांधने पहुंचीं। इस दौरान डॉ. अनीस बेग ने सभी बहनों का स्वागत करते हुए उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
रक्षाबंधन के मौके पर मुरादाबाद से पहुंचीं मोनिका सैनी का विशेष रूप से जिक्र करते हुए डॉ. अनीस बेग ने कहा कि उन्हें उस समय बेहद खुशी हुई, जब मोनिका अपने घर जाने के बजाय सीधे उनके पास राखी बांधने पहुंचीं। उन्होंने मोनिका को अपनी बहन बताते हुए कहा कि वह हमेशा खुश रहें और एक भाई के रूप में वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
डॉ. अनीस बेग ने इस मौके को केवल भाई-बहन के त्योहार तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे से जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भारत की खूबसूरती ही यही है कि यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं और एक-दूसरे की खुशियां साझा करते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में नफरत को खत्म करने और आपसी प्रेम को बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उनका कहना था कि त्योहार लोगों को जोड़ने का काम करते हैं और रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है।
डॉ. अनीस बेग ने कहा कि राखी का रिश्ता केवल एक धागे तक सीमित नहीं है। यह बचपन की यादों, विश्वास, स्नेह और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का रिश्ता है। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर सभी बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भाई-बहन के रिश्ते में हमेशा प्रेम और मिठास बनी रहे।
रक्षाबंधन के मौके पर डॉ. अनीस बेग की ओर से दिए गए इस संदेश को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सामाजिक सौहार्द की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय डॉ. बेग लगातार लोगों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर अलग-अलग समुदायों की महिलाओं के साथ त्योहार मनाकर उन्होंने भाईचारे और सामाजिक एकता को अपने संदेश का केंद्र बनाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहार किसी धर्म या समुदाय की सीमा में बंधे नहीं होते। जब लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं तो आपसी विश्वास मजबूत होता है और समाज में सौहार्द की भावना बढ़ती है। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर रहने और नफरत की जगह मोहब्बत को बढ़ावा देने की अपील की।
डॉ. अनीस बेग ने अंत में सभी क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की मिठास हमेशा कायम रहे और समाज में प्रेम, विश्वास और भाईचारे की भावना मजबूत होती रहे।




