नीरज सिसौदिया, बरेली
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) के कारखाना मंडल इज्जतनगर ने रेलवे वर्कशॉप में कर्मचारियों को हो रही परेशानियों को लेकर मुख्य कार्यशाला अभियंता (सीडब्ल्यूई), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और कर्मचारियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में वर्कशॉप की मरम्मत से लेकर शौचालयों की साफ-सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने तक कई मुद्दे उठाए गए।
संघ ने बताया कि यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर में बारिश के दौरान कई जगह शेड से पानी टपकता है। इससे कर्मचारियों को काम करने में परेशानी होती है। पानी टपकने से मशीनों और काम में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है। संघ ने शेड की जल्द मरम्मत कराने और नियमित रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग की।

ज्ञापन में वेल्डर कर्मचारियों के ड्रेस अलाउंस का उचित लाभ देने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने कहा कि वेल्डिंग का काम जोखिम भरा होता है। ऐसे में कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के अनुसार जरूरी कपड़े और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि काम के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा कम हो सके।
शौचालयों की सफाई और जलभराव दूर करने की मांग
कर्मचारी संघ ने वर्कशॉप में बने शौचालयों की स्थिति सुधारने की मांग की। संघ के अनुसार, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए और सभी शौचालयों में हाथ धोने के लिए साबुन और हैंडवॉश की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
इसके अलावा वर्कशॉप के मुख्य द्वार पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी उठाई गई। पानी भरने के कारण कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी होती है। संघ ने मुख्य द्वार और उसके आसपास जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि बारिश के समय कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

ज्ञापन सौंपते हुए पीआरकेएस के मंडल मंत्री और एनएफआईआर के केंद्रीय उपाध्यक्ष पंकज दत्त भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं पर जल्द ध्यान देकर उनका समाधान कराएगा।
इस दौरान श्री प्रकाश, अनिल गौतम, रितेश्वर सिंह, अनिल पुंडिल, बृजेश, नरंजन, महरूम खान, राशिद खान, अर्जुन सिंह, बन्नी सिंह, अजय कुमार, सुदर्शन शर्मा, सचिन कुमार और सैयद हामिद सहित अन्य कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उसका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।




