यूपी

मकान का नक्शा पास कराने की फीस में कमी को शासन की मंजूरी, राजेश अग्रवाल ने उठाया था मुद्दा, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे से आगामी बोर्ड बैठक से पहले हुई मुलाकात, डोहरा रोड की बड़ी कॉलोनियों में नाला निर्माण का मुद्दा भी उठा

Share now

 

नीरज सिसौदिया, बरेली

शहर के विकास कार्यों और आम लोगों को राहत दिलाने से जुड़े मुद्दों पर बरेली कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के सदस्य एवं पार्षद राजेश अग्रवाल ने प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडे (आईएएस) से मुलाकात की। आगामी बोर्ड बैठक से पहले हुई इस मुलाकात में शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों, मकान बनवाने के लिए मानचित्र स्वीकृत कराने की फीस में कमी और डोहरा रोड की बड़ी कॉलोनियों में नाला निर्माण समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने पूर्व में शहर हित में मकान बनाते समय मानचित्र स्वीकृत कराने पर लगने वाले शुल्क में कमी का मुद्दा बीडीए की बोर्ड बैठक में उठाया था। इस प्रस्ताव को अब शासन की मंजूरी मिल गई है। इससे संबंधित नियमों और लागू होने वाली दरों के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही आम लोगों को मिलने वाली राहत का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि शहर के हित में उनके द्वारा सुझाए गए अन्य विकास कार्यों को भी शासन से स्वीकृति मिल गई है। आगामी बोर्ड बैठक से पहले हुई मुलाकात में इन कार्यों के साथ प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई। शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को गति देने से जुड़े विषय बातचीत के केंद्र में रहे।

मुलाकात के दौरान डोहरा रोड स्थित सनराइज कॉलोनी, आनंदम होम्स और आसपास की अन्य बड़ी कॉलोनियों में रहने वाली आबादी की जल निकासी की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। राजेश अग्रवाल के मुताबिक, इन कॉलोनियों के निवासियों की जरूरत को देखते हुए वह पिछले छह महीने से बीडीए से नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में नाले के अभाव में जल निकासी की समस्या का समाधान जरूरी है। इस संबंध में बीडीए उपाध्यक्ष के साथ चर्चा कर निर्माण कार्य कराने की मांग दोहराई गई।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राधिकरण के समक्ष लगातार उठाया जा रहा है। मकान का नक्शा पास कराने के शुल्क में कमी का विषय हो या बड़ी कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की जरूरत, उनका प्रयास है कि आम नागरिकों को राहत मिले और शहर की समस्याओं का समाधान हो।

राजेश अग्रवाल बरेली विकास प्राधिकरण के सदस्य और पार्षद हैं। वह बरेली शहर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *