नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने आज आगरा में 15 नवम्बर होनें वाले विशाल दलित सम्मेलन की सफलता के लिए बरेली पहुँचे।
इस अवसर पर सपा कार्यालय पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव ने अपने समाज के सैकड़ो की संख्या में एकत्र लोगों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर को आगरा में होने वाला अम्बेडकरवादियों और संविधान के चाहने वालों का विशाल सम्मेलन भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संदेश देगा। यह सम्मेलन भाजपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। भाजपा की सरकार में संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों पर लगातार हमले हो रहे हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए संविधान बनाया था, लेकिन भाजपा की नीतियां सामाजिक समानता के रास्ते में बाधा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सामाजिक न्याय, पिछड़ों, दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। पीडीए की विचारधारा देश में समानता, भागीदारी और सम्मान की नई उम्मीद है। उन्होंने सभी अम्बेडकरवादियों और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों से 15 नवम्बर को आगरा सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियां दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के हितों के विपरीत हैं। संविधान ने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन भाजपा की राजनीति सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देती है। समाजवादी पार्टी संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की आवाज लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर को आगरा में होने वाला सम्मेलन संविधान और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर है। बरेली से भी बड़ी संख्या में लोग इस अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होंगे। भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का जवाब जनता एकता और भाईचारे से देगी।

इसी कड़ी में महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। भाजपा की नीतियों से सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के साथ-साथ सभी वर्गों को सम्मानजनक भागीदारी दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा का सम्मेलन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य ऐसा समाज बनाना है, जिसमें जाति, धर्म और आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को बराबरी का अधिकार मिले।

वरिष्ठ सपा नेता चंद्रसेन सागर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों और पिछड़े वर्गों के सामने अनेक चुनौतियां खड़ी की हैं। बाबा साहब अम्बेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को सम्मान, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार दिया था। आज संविधान की मूल भावना को बचाने के लिए सभी लोकतंत्र समर्थक शक्तियों को एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दे रहे हैं और पीडीए के माध्यम से वंचित समाज को राजनीतिक भागीदारी दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। 15 नवम्बर को आगरा में आयोजित होने वाला विशाल सम्मेलन संविधान की रक्षा और सामाजिक समानता के संकल्प को मजबूत करेगा। उन्होंने लोगों से सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव रणवीर जाटव ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने जिस संविधान के माध्यम से दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और वंचितों को अधिकार दिलाए, उसकी रक्षा करना आज हम सभी की जिम्मेदारी है। भाजपा की नीतियां सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं। समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षा, रोजगार, सम्मान और सत्ता में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए के माध्यम से बहुजन समाज की आवाज को मजबूती दे रहे हैं और सामाजिक समानता के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 15 नवम्बर को आगरा में होने वाला सम्मेलन अम्बेडकरवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनजागरण का बड़ा मंच बनेगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आगरा पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर चंद्र सेन सागर, पूर्व विधायक स्व. सियाराम सागर की पुत्रवधू कल्पना सागर, पूनम सेठ, महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव शांति सिंह, बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सोनकर, जितेंद्र मुंडे, ज़िला पंचायत सदस्य छेदा लाल दिवाकर व ब्रह्म स्वरूप सागर, इंद्र पाल सागर, संजय वर्मा एड., राम सेवक प्रजापति, बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष ब्रजेश आज़ाद एवं महानगर अध्यक्ष अमित गिहार, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामवीर दिवाकर एवं महानगर अध्यक्ष सुनील सागर, नाम चंद्र सागर जोगिंदर सागर सतीश सागर रोहित सागर, हिमांशु राज सोनकर, रजत कनौजिया सुमित वर्मा, विवेक राज चौधरी, रितिक सिंह एडवोकेट, ओमकार दिवाकर, राहुल आर्य, संकेत सोनकर, महेश सागर, लता सागर, शांति सागर समेत सैकड़ो की संख्या में दलित समाज के लोग मौजूद रहे।
वहीं राज्य सभा सांसद रामजी लाल सुमन का पार्टी कार्यालय पर राजेश अग्रवाल, डॉ. अनीस बेग, रविन्द्र यादव, ज़िला महासचिव राजकुमार पाल, महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा, अशोक यादव, नूतन शर्मा, हसीब खान, हरिओम प्रजापति, मोहित सक्सेना, नाजिम कुरैशी आदि ने अभिनन्दन किया।
वहीं बरेली पहुँचने पर उन्होंने प्रेस को भी सम्बोधित किया।

चंद्रसेन सागर ने बरेली-बदायूं सीमा पर किया स्वागत
बरेली पहुँचने से पहले राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का बदायूं-बरेली सीमा पर ताहरपुर गांव के पास वरिष्ठ सपा नेता एवं फरीदपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर ने फरीदपुर के सपा कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने रामजी लाल सुमन का अभिनंदन किया। चंद्रसेन सागर की अगुवाई में हुए स्वागत को 15 नवंबर को आगरा में आयोजित होने वाले दलित सम्मेलन की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।




