नीरज सिसौदिया, बरेली
फरीदपुर विधानसभा सीट से वरिष्ठ समाजवादी नेता और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर ने सोमवार को आंवला विधानसभा सीट का प्रभारी बनाए जाने पर पूर्व राज्यसभा सांसद वीरपाल सिंह यादव से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट का प्रभारी बनाए जाने पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की बेटी एडवोकेट कीर्ति कश्यप को भी शुभकामनाएं दीं। चंद्रसेन सागर ने इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों और जिले की सभी नौ सीटों पर जीत हासिल करने की रणनीति को लेकर भी चर्चा की। बाद में उन्होंने बरेली-बदायूं सीमा पर ताहरपुर गांव के पास पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया।
चंद्रसेन सागर सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सबसे पहले वीरपाल सिंह यादव के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आंवला लोकसभा सीट का प्रभारी बनाए जाने पर वीरपाल सिंह यादव को बुके भेंट किया और बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने वीरपाल सिंह यादव के बेटे और आंवला विधानसभा सीट से सपा के संभावित उम्मीदवार डॉ. देवेंद्र यादव को भी बधाई दी। डॉ. देवेंद्र यादव पहली बार चुनावी राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में आंवला विधानसभा सीट पर उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर भी चर्चा हुई।

वीरपाल सिंह यादव बरेली में समाजवादी पार्टी के पुराने और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वह पूर्व राज्यसभा सांसद होने के साथ करीब तीन दशक तक पार्टी के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए आंवला लोकसभा सीट का प्रभारी बनाया जाना पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में बरेली जिले की सभी नौ सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने और जीत के लक्ष्य को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।


धर्मेंद्र कश्यप को बधाई और कीर्ति कश्यप को दिया आशीर्वाद
वीरपाल सिंह यादव से मुलाकात के बाद चंद्रसेन सागर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने धर्मेंद्र कश्यप को बुके भेंट कर सम्मानित किया और उनकी बेटी एडवोकेट कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कीर्ति कश्यप को शुभकामनाओं के साथ जीत के लिए आशीर्वाद भी दिया। कीर्ति कश्यप पहली बार चुनावी राजनीति में पदार्पण करने जा रही हैं।

धर्मेंद्र कश्यप हाल ही में भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर चुके हैं। उनकी बेटी कीर्ति कश्यप को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में विधानसभा प्रभारी की भूमिका चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है और यही प्रभारी या उनके परिजन पार्टी उम्मीदवार होंगे।
बिथरी चैनपुर में कीर्ति कश्यप को जिम्मेदारी दिए जाने और आंवला में वीरपाल सिंह यादव को प्रभारी बनाए जाने के बाद जिले में सपा की चुनावी गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। चंद्रसेन सागर की दोनों नेताओं से मुलाकात को भी पार्टी के भीतर नए संगठनात्मक समीकरणों और चुनावी तैयारियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।

रामजी लाल सुमन का स्वागत
दोनों नेताओं से मुलाकात के बाद चंद्रसेन सागर बरेली-बदायूं सीमा पर स्थित ताहरपुर गांव के पास पहुंचे। उनके साथ फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के सपा कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे। चंद्रसेन सागर समाजवादी संदेश यात्रा के रथ के साथ वहां पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन का फूलमालाओं से स्वागत किया।

रामजी लाल सुमन आगरा में होने वाले दलितों के महासम्मेलन के सिलसिले में बरेली पहुंचे थे। उनके आगमन पर ताहरपुर के पास हुए स्वागत में फरीदपुर के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान समाजवादी संदेश यात्रा के रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन पर रामजी लाल सुमन का वीडियो संदेश भी चल रहा था।

चंद्रसेन सागर फरीदपुर विधानसभा सीट से आगामी चुनाव में सपा के टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। वह क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के जरिए अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। सोमवार को उनका कार्यक्रम दो हिस्सों में नजर आया। एक ओर उन्होंने जिले की अन्य विधानसभा सीटों पर पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारियों से जुड़े नेताओं से मुलाकात की, तो दूसरी ओर फरीदपुर के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता का स्वागत कर संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी की।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बरेली जिले की नौ सीटों पर सपा की तैयारियां पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में नए प्रभारियों की नियुक्ति, वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भागीदारी आने वाले समय में जिले की चुनावी गतिविधियों का प्रमुख हिस्सा रहने वाली है।




