नीरज सिसाैदिया, बरेली
फरीदपुर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता के बीच चंद्रसेन सागर ने अपनी दावेदारी को लगातार मजबूत करने की कोशिश की है। उनकी ताकत केवल राजनीतिक विरासत नहीं, बल्कि क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क, संगठनात्मक सक्रियता और पार्टी के पीडीए अभियान में भागीदारी भी है। यही वजह है कि उन्हें फरीदपुर में सपा का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सूत्रो की मानें तो चंद्रसेन सागर 25 नवंबर को लखनऊ गए थे जहां उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कुछ दिग्गज नेताओं से मुलाकात की। सूत्र यह भी बताते हैं कि इन मुलाकातों के बाद फरीदपुर से उनकी उम्मीदवारी का रास्ता साफ हो गया है। उन्हें चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश मिल गया है। जल्द ही इस सीट से उम्मीदवार की घोषणा की जा सकती है क्योंकि फरीदपुर सीट पर कांग्रेस ने कोई दावा नहीं जताया है। सूत्र यह भी बताते हैं कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से उन सीटों के भावी उम्मीदवारों को हरी झंडी देनी शुरू कर दी गई है जिन पर कांग्रेस की ओर से कोई पेच नहीं है। इसी कड़ी में चंद्रसेन सागर को भी संकेत दिया जा चुका है। इसकी पुष्टि चंद्रसेन सागर के एक समर्थ सुधीर यादव की फेसबुक पोस्ट से भी होता है। सुधीर यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि चुनाव के लिए तैयार रहें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री अखिलेश यादव जी फरीदपुर विधानसभा सीट से पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रसेन सागर को प्रत्याशी घोषित करेंगे। बता दें कि यह पोस्ट चंद्रसेन सागर के लखनऊ दौरे के ठीक अगले दिन डाली गई है।

चंद्रसेन सागर की दावेदारी का सबसे मजबूत पक्ष यह है कि वह चुनाव से काफी पहले से क्षेत्र में संगठन खड़ा करने में जुटे हैं। उनके मुताबिक, फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के 410 बूथों पर संगठनात्मक तैयारी की गई है। इनमें 300 बूथों पर 11-11 कार्यकर्ताओं की कमेटियां बनाने, 12 जोन और 25 सेक्टर प्रभारी नियुक्त करने की रणनीति शामिल है। इस तैयारी के जरिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व को यह संदेश देने की कोशिश की है कि उनकी दावेदारी केवल जनसभाओं और समर्थकों की भीड़ तक सीमित नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक फैली हुई है।
बूथ से गांव तक संगठन खड़ा करने पर जोर
चंद्रसेन सागर की राजनीतिक सक्रियता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पीडीए पंचायतें और गांवों में जनसंपर्क अभियान रहा है। वह ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के बीच पार्टी की नीतियां पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं, छुट्टा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान और स्थानीय विकास के मुद्दों को भी अपने संवाद का हिस्सा बना रहे हैं।
उनकी ओर से बूथ अध्यक्षों को संगठन में पहचान दिलाने के लिए उनके घरों पर नाम पट्टिकाएं लगवाने, परिचय पत्र और पार्टी लेटर पैड उपलब्ध कराने की पहल भी की गई। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रियता और बूथ स्तर पर पार्टी के प्रतिनिधियों की तैनाती को भी उनकी चुनावी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
चंद्रसेन की सक्रियता का दायरा केवल फरीदपुर तक सीमित नहीं रहा। वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों और समाजवादी संदेश रथ यात्रा जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं। नवंबर में मुलायम सिंह यादव की जयंती पर फरीदपुर से निकली पीडीए जनचेतना पदयात्रा में भी उनकी मौजूदगी रही। इस कार्यक्रम में पार्टी के सांसद, पूर्व विधायक और अन्य स्थानीय नेता शामिल हुए थे।
सियाराम सागर की विरासत और राजनीतिक अनुभव
चंद्रसेन सागर की दावेदारी को उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि से भी ताकत मिलती है। वह फरीदपुर से पांच बार विधायक रहे स्वर्गीय डॉ. सियाराम सागर के छोटे भाई हैं। खुद दो बार भुता के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। इस कारण उन्हें क्षेत्र की राजनीति, ग्रामीण मतदाताओं और स्थानीय संगठन की कार्यप्रणाली का अनुभव हासिल है।
हालांकि, सियाराम सागर की राजनीतिक विरासत पर परिवार के दूसरे सदस्यों की भी दावेदारी है। उनके परिवार से कल्पना सागर भी सपा के टिकट की इच्छुक बताई जा रही हैं। ऐसे में चंद्रसेन के सामने चुनौती केवल दूसरे दलों के नेताओं या पार्टी के अन्य दावेदारों से नहीं, बल्कि परिवार के भीतर भी राजनीतिक दावेदारी को लेकर है। परिवार के कुछ अन्य सदस्यों की पहले की चुनावी गतिविधियां भी इस विरासत की लड़ाई को जटिल बनाती रही हैं।
सर्वे में भी मिला बढ़त का संकेत
फरीदपुर सीट पर सपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर सामने आए एक सर्वे में चंद्रसेन सागर को 40 प्रतिशत समर्थन के साथ सबसे आगे बताया गया था। इस सर्वे में पूनम सेन को 20, विजयपाल सिंह को 17, हरीश लखा को 12 और शालिनी सिंह को पांच प्रतिशत समर्थन मिलने की बात सामने आई थी। यह आंकड़ा चंद्रसेन की दावेदारी को मजबूती देता है, हालांकि अंतिम टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।
उनके सामने संगठन के भीतर आपसी खींचतान भी एक चुनौती है। विधानसभा अध्यक्ष बलराम यादव की भूमिका को लेकर चंद्रसेन सागर की ओर से खुला पत्र लिखे जाने के बाद स्थानीय संगठन में दावेदारों के बीच मतभेद सार्वजनिक हो चुके हैं। ऐसे में टिकट मिलने की स्थिति में सभी गुटों और दावेदारों को साथ लेकर चलना उनके लिए बड़ी परीक्षा होगी।
टिकट के लिए सबसे मजबूत दावेदार क्यों?
फरीदपुर में सपा के टिकट का फैसला करते समय पार्टी नेतृत्व के सामने कई सवाल होंगे। उम्मीदवार की सामाजिक स्वीकार्यता, दलित मतदाताओं के बीच पकड़, पिछड़े वर्गों से तालमेल, बूथ प्रबंधन और चुनाव लड़ने की तैयारी जैसे पहलुओं पर विचार करना होगा। चंद्रसेन सागर इन सभी मोर्चों पर अपनी सक्रियता दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
उनकी दावेदारी के पक्ष में तीन बातें प्रमुखता से सामने आती हैं—दो बार ब्लॉक प्रमुख रहने का राजनीतिक अनुभव, स्वर्गीय डॉ. सियाराम सागर की विरासत और लगातार चल रहा संगठनात्मक अभियान। सर्वे में मिली बढ़त भी उनके समर्थकों का मनोबल बढ़ा सकती है।
फिलहाल चंद्रसेन सागर फरीदपुर में समाजवादी पार्टी के सबसे मजबूत दावेदार के रूप में अपनी जगह बनाते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन टिकट की दौड़ में उनकी वास्तविक ताकत का अंतिम आकलन पार्टी नेतृत्व के सर्वे, संगठन की रिपोर्ट और चुनावी समीकरणों के आधार पर ही होगा। उनके लिए अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी व्यक्तिगत दावेदारी को पार्टी की सामूहिक ताकत में बदलना और परिवार तथा संगठन के भीतर मौजूद असंतोष को दूर करना है।




