यूपी

परिसीमन के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था से छेड़छाड़ न करे भाजपा, पहले जातिगत जनगणना कराए सरकार : चंद्रसेन सागर, फरीदपुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार बोले- महिला आरक्षण के हम पक्षधर हैं, लेकिन पिछड़ी, दलित और पीडीए महिलाओं को भी मिले उनका अधिकार; पढ़ें और क्या-क्या कहा बरेली सपा के सबसे बड़े दलित नेता ने?

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, दो बार के ब्लॉक प्रमुख एवं फरीदपुर विधानसभा सीट से पार्टी के प्रमुख दावेदार चंद्रसेन सागर ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संतुलन को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण की पूरी तरह पक्षधर है, लेकिन आरक्षण का लाभ पिछड़े वर्ग, दलित समाज और पीडीए की महिलाओं को भी मिलना चाहिए।

चंद्रसेन सागर ने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर भी व्यवस्था की जा सकती है। इसके लिए लोकसभा की सीटों को बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बड़े बदलाव की क्या जरूरत है? सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन को जोड़ने का असली उद्देश्य क्या है। आशंका है कि निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण राजनीतिक लाभ को ध्यान में रखकर किया जा सकता है। परिसीमन आयोग के गठन और उसकी कार्यप्रणाली में सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रहे।

उन्होंने कहा कि सरकार 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन करना चाहती है, जबकि देश में नई जनगणना और जातिगत जनगणना की मांग लंबे समय से उठ रही है। सरकार को पहले जातिगत जनगणना करानी चाहिए और उसके आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े फैसले लेने चाहिए। जब तक देश में विभिन्न जातियों की वास्तविक आबादी का पता नहीं चलेगा, तब तक पिछड़े वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और प्रतिनिधित्व देने की बात अधूरी रहेगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

चंद्रसेन सागर ने कहा कि परिसीमन केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध देश के लोकतांत्रिक ढांचे, राज्यों के प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से है। सरकार को ऐसा कोई फैसला नहीं लेना चाहिए जिससे किसी राज्य, क्षेत्र या सामाजिक वर्ग का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो। सभी राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना और निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण में निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को देश के वास्तविक मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। किसान खाद और डीएपी के लिए परेशान हैं। धान की फसल पैदा करने के बाद भी किसानों को उचित कीमत नहीं मिल रही है। गन्ना किसानों का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों तथा परीक्षाएं रद्द होने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और व्यापारी भी परेशान हैं। इन सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार परिसीमन जैसे मुद्दे को आगे करके जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।

चंद्रसेन सागर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता किसान, नौजवान, व्यापारी और समाज के वंचित वर्गों का हित है। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने, गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने, किसानों का कर्ज माफ करने, युवाओं को रोजगार देने और उत्तर प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध किसी का मुद्दा नहीं है। सवाल यह है कि इस आरक्षण में पिछड़ी और पीडीए समाज की महिलाओं की भागीदारी कैसे सुनिश्चित होगी। सरकार को महिलाओं के अधिकारों के साथ सामाजिक न्याय का भी ध्यान रखना चाहिए। भाजपा को चाहिए कि वह राजनीतिक लाभ के बजाय संविधान की भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के सभी वर्गों के समान प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *