हरियाणा

हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में डीएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन

बबल कुमार, गुहला चीका
उपमंडल गुमला के गांव लंडाहेड़ी मेरा जीवन कोट में गत 25 मार्च को पंच मेहर सिंह की हत्या कर दी गई थी। पुलिस अब तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, इसे लेकर परिजनों में आक्रोश है। इसके विरोध में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और शुक्रवार को उन्होंने डीएसपी कार्यालय के समक्ष पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।

पुलिस प्रशासन पर प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगाया। परिजनों का कहना था कि आरोपी सरेआम निकटवर्ती क्षेत्र में घूम रहे हैं लेकिन पुलिस प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। परिजनों ने बताया कि 25 मार्च को 5 लोगों ने 24 वर्षीय पंचायत सदस्य मेहर सिंह की हत्या कर दी थी। आपसी कहासुनी के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था जिसकी सूचना चीका थाने को दे दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इनमें से 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन दो आरोपी आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है. वहीं, चीका थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और सोमवार तक बाकी दो आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *