नीरज सिसौदिया, बरेली
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बरेली जिले की 126 आंवला विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां उफान पर हैं। समाजवादी पार्टी से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे डॉ. जीराज सिंह यादव लगातार क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं। खेल, सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी बढ़ती मौजूदगी अब राजनीतिक संदेश भी देने लगी है। बीते दो दिनों में हुए दो अलग-अलग कार्यक्रमों में जिस तरह लोगों ने सार्वजनिक रूप से उनके समर्थन में हाथ उठाकर समाजवादी पार्टी से टिकट देने की मांग की, उसने आंवला की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।

रविवार को आंवला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दिगोई में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ डॉ. जीराज सिंह यादव ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट आयोजन समिति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में ठाकुर समाज, सागर समाज सहित विभिन्न वर्गों के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से डॉ. जीराज सिंह यादव को उम्मीदवार बनाए जाने का समर्थन किया।

इस अवसर पर डॉ. जीराज सिंह यादव ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का संदेश देते हैं। समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का काम करती रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को अवसर देना ही भविष्य को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

टूर्नामेंट के समापन पर उन्होंने विजेता टीम को 35 हजार रुपए तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इसके अगले ही दिन सोमवार रात ग्राम पंचायत बड़ा सिरसा में श्री अमरनाथ यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के स्वागत समारोह में भी डॉ. जीराज सिंह यादव पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं और भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी डॉ. जीराज सिंह यादव के प्रति अपना समर्थन जताया। लोगों ने हाथ उठाकर भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उन्हें आंवला विधानसभा से उम्मीदवार बनाए। इस दौरान जय समाजवाद और अखिलेश यादव के समर्थन में भी नारे लगाए गए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. जीराज सिंह यादव केवल राजनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव-गांव जाकर सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और खेल आयोजनों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। यही कारण है कि विभिन्न समाजों के बीच उनकी स्वीकार्यता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।

दिगोई में ठाकुर, सागर समाज सहित सर्वसमाज की मौजूदगी और बड़ा सिरसा में धार्मिक आयोजन के दौरान मिले समर्थन को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि डॉ. जीराज सिंह यादव अपनी राजनीतिक पहुंच को किसी एक वर्ग तक सीमित रखने के बजाय व्यापक सामाजिक आधार तैयार करने में जुटे हैं।
आंवला विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं पहले से ही तेज हैं। ऐसे समय में लगातार जनता के बीच सक्रियता और अलग-अलग आयोजनों में खुलकर मिल रहा समर्थन डॉ. जीराज सिंह यादव की दावेदारी को और मजबूत करता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि यदि समाजवादी पार्टी स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता की भावना को प्राथमिकता देती है तो डॉ. जीराज सिंह यादव का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल रहेगा।

फिलहाल विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन जिस तरह हर कार्यक्रम में उनके पक्ष में टिकट की मांग उठ रही है, उससे इतना जरूर साफ हो गया है कि आंवला विधानसभा की सियासत में डॉ. जीराज सिंह यादव का नाम तेजी से केंद्र में आता जा रहा है।




