नीरज सिसौदिया, बरेली
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 22 अक्टूबर को रामपुर के दौरे पर पहुंचेंगे। उनके कार्यक्रम के मुताबिक वह पूर्वाह्न 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से बरेली के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह हेलीकॉप्टर से रामपुर जाएंगे।
अखिलेश यादव दोपहर 12:20 बजे रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा रामपुर जेल जाएंगे, जहां दोपहर 12:45 बजे पूर्व मंत्री और वरिष्ठ सपा नेता आजम खां से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके बाद वह आजम खां के जेल रोड स्थित आवास पर भी जाएंगे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे।
समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव दोपहर 1:30 बजे रामपुर जेल से कार द्वारा रवाना होंगे और 1:45 बजे जेल रोड स्थित आजम खां के आवास पहुंचेंगे। यहां परिवार से मुलाकात के बाद दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर 2:45 बजे जौहर विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 2:55 बजे निजी हेलीकॉप्टर से बरेली के लिए प्रस्थान करेंगे। वह दोपहर 3:20 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 3:30 बजे निजी विमान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। शाम 4:15 बजे उनके लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में रामपुर और बरेली के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित विमानन अधिकारियों को कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अखिलेश यादव को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त होने का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
अखिलेश यादव का यह दौरा रामपुर की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आजम खां समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और उनके परिवार से अखिलेश यादव की मुलाकात को पार्टी के भीतर उनके साथ संबंधों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। हालांकि, दौरे के राजनीतिक उद्देश्य को लेकर पत्र में कोई अलग जानकारी नहीं दी गई है।



