यूपी

सहसवानी टोला में गूंजा पीडीए की एकजुटता का संदेश, डॉ. अनीस बेग ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को बताया समाज की तरक्की का आधार

Share now

नीरज सिसौदिया, बरेली

समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को सहसवानी टोला में भव्य पीडीए स्वागत एवं अभिनंदन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोष्ठी का नेतृत्व 125 कैंट विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. अनीस बेग ने किया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे, समानता, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अधिकार और विकास के समान अवसर मिलना चाहिए। पीडीए की अवधारणा समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का माध्यम है।

इस अवसर पर डॉ. अनीस बेग ने कहा कि किसी भी समाज और देश की वास्तविक तरक्की शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों से ही संभव है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीडीए की असली ताकत आपसी एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक सम्मान में निहित है। जब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाएंगे, तभी सामाजिक न्याय की अवधारणा मजबूत होगी।

उन्होंने युवाओं की शिक्षा और रोजगार को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। डॉ. बेग ने कहा कि आज युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के बेहतर अवसर और स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। समाजवादी विचारधारा का उद्देश्य भी समाज के हर वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
डॉ. अनीस बेग ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारों को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुटता के साथ काम करने से ही संगठन को नई मजबूती मिल सकती है।


गोष्ठी में मौजूद लोगों ने पीडीए की एकजुटता को मजबूत करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों स्थानीय नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया कार्यक्रम में आयोजक फय्याज अंसारी,फईम अंसारी,हाजी तस्लीम अंसारी,एडवोकेट कलीम हैदर सैफी,जोन प्रभारी एडवोकेट वसीम,उवैस रज़ा खान,यावर भाई,पप्पू भाई,जगदीश भाई,नीरज वाल्मीकि,सद्दिक भाई,ऋषि यादव,मुकेश मौर्य,सुहेल रज़ा खान,मोहसिन खान,गुड्डू वाल्मीकि आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *