राजेंद्र भंडारी
चंपावत के अपर जिला अधिकारी हेमंत वर्मा ने इस्तीफा नहीं दिया है वह मेडिकल लीव पर गए हैं। यह बात जिला अधिकारी इकबाल अहमद ने कही।
गत शनिवार से अपर जिलाधिकारी हेमंत वर्मा के इस्तीफे की चर्चाओं का बाजार गर्म था। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। इन चर्चाओं को आज उस वक्त विराम लग गया जब चंपावत के जिलाधिकारी इकबाल अहमद ने इस्तीफे की खबरों को सिर्फ अफवाह करार दिया। एक बयान जारी करते हुए डीएम ने कहा कि जिस एनजीओ के दबाव के कारण इस्तीफे की बात की जा रही है यह कार्यक्रम उस एनजीओ का नहीं है बल्कि नीति आयोग की ओर से इसकी व्यवस्था की गई है। बताया गया है कि एडीएम हेमंत वर्मा की तबीयत ठीक नहीं है जिस कारण वह मेडिकल लीव पर गए हुए हैं।
बता दें कि अपर जिलाधिकारी के इस्तीफे की खबरों को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने भी गंभीरता से लिया था और इसकी जांच के आदेश भी दिए हैं। फिलहाल हेमंत वर्मा अपने पद पर पूर्ववत बरकरार हैं वह सिर्फ मेडिकल लीव पर चल रहे हैं।




