पंजाब

हाउस में भाटिया ने पूछा था सवाल, अगले दिन शुरू हुआ सफाई और पैच वर्क का काम

जालंधर : नगर निगम हाउस की बैठक में वार्ड नंबर 45 की परिषद जसपाल कौर भाटिया ने इलाके के विभिन्न मुद्दे उठाए थे। जसपाल कौर भाटिया ने पुरजोर तरीके से इनके बारे में मेयर जगदीश राज राजा से सवाल पूछे और उनका जवाब मांगा था। भाटिया के सवालों के जवाब में नगर निगम प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। बुधवार को इलाके में सफाई और पैच वर्क का काम शुरु हो गया।
पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया ने बताया कि उनकी पत्नी एवं वार्ड नंबर 45 की पार्षद जसपाल कौर भाटिया ने नगर निगम हाउस की बैठक में 120 फुटी रोड की ग्रीन बेल्ट की सफाई ना होने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। इसके अलावा उन्होंने इलाके की सड़कों में पैच वर्क नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। हाउस में यह गंभीर मुद्दे उठाने के बाद बुधवार को नगर निगम प्रशासन जागा और उसने 120 फुटी रोड की ग्रीन बेल्ट में पौधों की ट्रिमिंग और साफ सफाई का कार्य भी किया। इसके अलावा इलाके की कुछ सड़कों पर पैच वर्क का काम शुरू कर दिया गया है। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया खुद इस काम की देखरेख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इलाके में सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान भाटिया के साथ गुरजीत सिंह पोपली, युवराज कत्याल और माधव शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *