झारखण्ड

प्रेमी ने नहीं पिता ने की थी कल्पना की हत्या

बोकारो थर्मल : प्रेमी ने नहीं पिता ने की थी कल्पना की हत्या

बोकारो थर्मल। रामचंद्र कुमार अंजाना
बिटिया के हाथ पीले करने से पूर्व एक कलयुगी पिता ने सुनियोजित तरीके से अपनी बेटी की नृशंस हत्या कर दी। पुलिस जांच में अब पूरे मामले से पर्दा उठ गया है।
घटना मंगलवार की रात की थी। बुधवार की सुबह युवती का शव खून से लथपथ उसके आवास से बरामद किया गया था। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह की उक्त घटना से आस पड़ोस के लोग स्तब्ध थे। घटना के बाद से ही इसे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा था।
पुलिस को भटकाने के उद्देश्य से परिजनों ने इसे युवती के कथित प्रेमी की करतूत बताया था। पुलिस ने प्रेमी जय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की लेकिन यहां सच्चाई कुछ और थी। अंततः पुलिस ने प्रेमी को मुक्त कर पिता अशोक घांसी से ही गहन पूछताछ शुरू की। अशोक घांसी पुलिस की सख्ती के बाद टूट गया और पूरी सच्चाई उगल दी।
युवती का प्रेम प्रसंग उसकी मौत का कारण बना. कल्पना कुमारी का प्रेम प्रसंग जय कुमार के साथ चल रहा था। जय से वह मोबाइल पर बातें किया करती थी। इस बीच कल्पना की शादी तय हो गई। शादी तय होने के बाद भी कल्पना जय से आये दिन बात करती थी। यह बात पिता को नागवार लगी और उसने अपनी बिटिया की इहलीला खत्म करने की ठान ली। वारदात को अंजाम देने में युवती का मौसा भी षड्यंत्र में शामिल हो गया।

बोकारो थर्मल के थाना प्रभारी परमेश्वर लियांगी ने बताया कि युवती की हत्या पिता और मौसा ने मिल कर अपने आवास में ही कर दी और लाश को घर के आंगन में फेंक दिया।
बहरहाल, पुलिस ने अशोक घांसी के घर से हत्या में प्रयुक्त चाकू और कपड़े आदि बरामद कर ली है। पिता और मौसा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *