हरियाणा

अब सोहना में बर्बाद नहीं होगा बरसात का पानी

संजय राघव, सोहना 

सोहना कस्बे में बरसाती पानी का संरक्षण किए जाने को लेकर चेक डैम का निर्माण किया जाएगा जो सोहना अरावली पहाड़ी की तलहटी में स्थित भूमि में बनाया जाएगा| उक्त भूमि नगरपरिषद् विभाग की है| चेक डैम निर्माण पर करीब 5 करोड़ रूपए की लागत आएगी| विभाग ने उक्त योजना का प्रपोजल बनाकर सरकार को प्रेषित किया था जिसकी मंजूरी सरकार ने दे दी है| वहीं मंजूरी मिलने के बाद विभाग द्वारा भूमि को चिन्हित करके स्टेटस रिपोर्ट बनाकर सरकार को शीघ्र ही भेजी जाएगी जिसकी पुष्टि विभाग अधिकारियों ने की है|
विदित है कि सोहना कस्बे में पानी का जल स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है| कस्बे में आए दिन पानी की समस्या पैदा होने लगी है जिसके लिए नगरपरिषद् विभाग ने जल स्तर को ऊपर लाने के लिए बरसाती पानी को एकत्रित किए जाने की योजना तैयार की है ताकि बरसाती पानी का दुरूपयोग ना हो सके| विभाग ने गत् दिनों उक्त योजना को मंजूरी के लिए सरकार के पास प्रेषित किया था जिसकी मंजूरी सरकार द्वारा नगरपरिषद् विभाग को दे दी गई है|
क्या है योजना
सोहना अरावली पहाड़ियों के नीचे (खाई) समतल भूमि में नगरपरिषद् विभाग चेक डैम का निर्माण करेगा| उक्त भूमि सामलात देह की है जिसकी मालिक व काबिज नगरपरिषद् विभाग है| उक्त चेक डैम करीब 50 एकड़ भूमि में बनाया जाएगा जिस पर करीब 5 करोड़ रूपए की लागत खर्च की जाएगी| विभाग द्वारा भूमि को चिन्हित करके रिपोर्ट सरकार को भेजने की तैयारी कर रहा है|
क्या कहते हैं अधिकारी
नगरपरिषद् कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने चेक डैम बनाने की मंजूरी दे दी है जिसके लिए भूमि की स्टेटस रिपोर्ट विभाग द्वारा तैयार करके भेजी जाएगी| उसके पश्चात् डैम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *