मुजफ्फरपुर। न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रात 10 बजे के बाद कार्यक्रम करने के मामले में भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता व गायक पवन सिंह फंस गए हैं। मिठनपुरा थानेदार विजय प्रसाद राय ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कलाकार पवन सिंह, आकाश मिश्र के साथ कार्यक्रम कराने वाले पंकज कुमार, लाउडस्पीकर संचालक व अन्य 25 लोगों को आरोपित बनाया गया है। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी की कवायद शुरू कर दी है।
बताया गया कि तीन दिन पूर्व मिठनपुरा थाना क्षेत्र के जिला स्कूल मैदान में पवन सिंह का कार्यक्रम हुआ था। इसमें रात 10 बजे से एक बजे तक कार्यक्रम चलता रहा। प्रशासन के मना करने के बाद भी इन लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया। जबकि, न्यायालय का आदेश है कि रात 10 बजे के बाद किसी भी हाल में लाउडस्पीकर नहीं बजेगा।
न्यायालय के आदेश की धज्जियां उड़ाने में इन सभी लोगों को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी में स्कूल प्रबंधन को संबोधित करते हुए यह भी उल्लेख किया गया कि मैदान को इस तरह के कार्यक्रम के लिए नहीं दिया जाए। इससे शैक्षणिक संस्थान पर नकारात्मक असर पड़ता है।