देश

नगर निगम के हाथों से निकल जाएगा अरबों का AMRUT, मॉन्टी बोले अब तो काम करवाएं राजा

Share now

नीरज सिसौदिया, जालंधर
केंद्र सरकार की ओर से दिया गया अरबों रुपए का Amrut नगर निगम जालंधर के हाथों से फिसलता जा रहा है| एक तरफ जालंधर नगर निगम के मेयर जगदीश राज राजा खजाना खाली होने का रोना रो रहे हैं वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले अरबों रुपए भी लेने को तैयार नहीं हैं| अकाली दल के सर्किल प्रधान अमरप्रीत सिंह मोंटी ने नगर निगम की इस लापरवाही पर सवाल खड़े करते हुए मेयर जगदीश राज राजा पर निशाना साधा है|
बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से अमृत स्कीम के तहत जालंधर नगर निगम को लगभग 3 अरब रुपए वाटर सप्लाई और सीवरेज संबंधी कार्यों के लिए दिए जाने थे| केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए 5 वर्षों का वक्त दिया गया था| अगर इस प्रोजेक्ट पर अमल होता तो शहर की वाटर सप्लाई और सीवरेज की समस्या पूरी तरह से हल हो सकती थी लेकिन जालंधर नगर निगम इस दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा पाया| अगर 5 वर्षों में इस स्कीम के तहत कार्य पूरे नहीं किए गए तो केंद्र सरकार की ओर से ₹1 भी नगर निगम जालंधर को नहीं दिया जाएगा यानी अरबों की यह राशि काम न होने के चलते लैप्स हो जाएगी। ऐसे में नगर निगम के मेयर और कमिश्नर का यह तर्क कि पैसे के अभाव में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं एकदम झूठ का पुलिंदा साबित होता है|
अकाली दल के सर्किल प्रधान अमरप्रीत सिंह मोंटी ने कहा कि केंद्र सरकार की अमृत योजना से जालंधर की तस्वीर बदल सकती थी लेकिन जालंधर नगर निगम पर काबिज कांग्रेस के सियासतदान सिर्फ राजनीति करने में लगे हुए हैं| मोंटी ने कहा कि जब केंद्र सरकार अरबों रुपए विकास के लिए देने को तैयार है तो फिर अब तक प्रोजेक्ट शुरू क्यों नहीं किए गए? उन्होंने कहा कि फोल्ड़ीवाल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को लगभग 100 करोड़ से भी अधिक की राशि से अपग्रेड किया जाना था लेकिन कांग्रेस विधायक परगट सिंह के विरोध के चलते यह अपग्रेड नहीं किया जा सका और मामला लटका है। उन्होंने कहा कि अमृत स्कीम के तहत ही जालंधर की वर्षों पुरानी अंग्रेजों के जमाने की सड़ी गली पेयजल आपूर्ति लाइनों को भी बदला जाना था जिसके चलते लोगों को साफ पानी मुहैया हो पाता लेकिन नगर निगम की सुस्त चाल के चलते यह कार्य भी अभी तक शुरू नहीं किया जा सका है| उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस निगम की सत्ता पर आई है तब से जालंधर शहर का बेड़ा गर्क होने लगा है| उन्होंने मेयर जगदीश राज राजा और निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा को नसीहत देते हुए कहा कि विकास कार्यों में राजनीति न करें| अगर केंद्र सरकार विकास के लिए पैसा दे रही है तो आप विकास कार्यों की रूपरेखा तो तैयार करें और कम से कम कार्य तो शुरू करवाएं| मोंटी ने कहा कि अमृत प्रोजेक्ट के तहत पहले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का अपग्रेडेशन और जल आपूर्ति लाइनें बदलने का कार्य किया जाना है उसके बाद अन्य प्रोजेक्ट के लिए अनुमति केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी लेकिन जालंधर नगर निगम अब तक इन दोनों में से कोई भी प्रोजेक्ट शुरू नहीं कर पाया है जबकि 3 साल गुजर चुके हैं| अब अगर अगले 2 साल में भी नगर निगम यह काम पूरा नहीं कर पाया तो अरबों की राशि लैप्स हो जाएगी| उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया दर्शाता है कि कांग्रेस के नेता विकास कार्य नहीं कराना चाहते| उन्होंने सिर्फ वोट मांगने के लिए ही जनता से विकास का वादा किया था|

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *