हरियाणा

भाजपा की कथनी और करनी में अंतर : हुड्डा

सोहना, संजय राघव
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व तालमेल कमेटी के चेयरमैन चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा की कथनी व करनी में अंतर है| भाजपा जो कहती है वह करती नहीं है| चुनावों के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने 154 वादे किये थे| जिनको आज तक भी पूरा नहीं किया गया है| वर्तमान भाजपा सरकार में किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर सभी वर्ग दुःखी हैं| प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है| अपराधी खुले आम घूमकर नंगा नाच कर रहे हैं| यह बात तालमेल कमेटी के चेयरमैन हुड्डा ने सोहना कस्बे में परिवर्तन यात्रा के दौरान लोगों के समक्ष कही|

इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में लोगों के जोश व जूनून की बदौलत कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर जीत का परचम लहराकर सत्ता हासिल करेगी| उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस राज में 3 लाख 82 हज़ार लोगों को 100-100 वर्ग गज के प्लाट निःशुल्क प्रदान किये गए थे| इसके लावा 72 हज़ार किसानों के कर्जे भी माफ़ किये गए थे| किन्तु भाजपा सरकार ने आज तक भी कुछ नहीं किया है| जिन्होंने खाद की कीमत 900 रूपए से बढाकर 1400 रूपए कर डाली है|
मंगलवार को गुरुग्राम से चली कांग्रेस परिवर्तन बस यात्रा सोहना कस्बे में पहुँचने पर जोरदार स्वागत किया गया| स्थानीय राघव वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं व कार्यकर्ताओं का सुबह से ही हुजूम लगना शुरू हो गया था| नेता अपने समर्थकों को लेकर जुटना शुरू हो गए थे| जिसके चलते उक्त यात्रा एक सभा के रूप में तब्दील हो गई| कार्यक्रम में पहुँचने पर स्थानीय कांग्रेसियों ने माला पहनाकर तालमेल कमेटी के सदस्यों का जोरदार स्वागत किया| इस अवसर पर वक्ताओं ने एकता बनाए रखने पर विशेष रूप से जोर दिया| वक्तागण वर्तमान भाजपा सरकार पर कटाक्ष करने में भी नहीं चूके| जिन्होंने सरकार को जमकर कोसा| इस अवसर पर सीएलपी किरण चौधरी, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर, विधायक ललित नागर, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप, कैलाशो सैनी, जितेंद्र भारद्वाज, पूर्व विधायक शाहिदा खान आदि के अलावा काफी संख्या में लोग मौजूद थे|
नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन
यूँ तो कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित परिवर्तन बस यात्रा कार्यकर्ताओं में जोश व एकता का सन्देश देने के लिए निकाली जा रही है| किन्तु बावजूद इसके सोहना कस्बे में स्थानीय नेताओं ने अपने-अपने तरीकों से शक्ति प्रदर्शन किया| नेताओं के समर्थकों की टी-शर्ट पर फोटो, नेताओं के होर्डिंग्स व गाड़ियों पर स्टीकर आदि का लगाना स्पष्ट रूप से अपना-अपना प्रदर्शन साबित कर रहा था|
कांग्रेस प्रभारी नदारद
सोहना कस्बे में परिवर्तन यात्रा के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद नदारद रहे| इसके अलावा तालमेल कमेटी के कई सदस्य भी दिखाई नहीं दिए| मुख्य बात लोगों में चर्चा का विषय बनी रही|
नेतागण फोटो खिचाने में व्यस्त
राघव वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेतागण अपने आकाओं के साथ फोटो खिचवाने की होड में व्यस्त रहे| जिसके चलते मंचसंचालक को बार-बार टोकना पड़ा|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *