पंजाब

कांग्रेस नेता गुल्लू, नगर निगम एवं इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को कोर्ट ने भेजा समन, इस बिल्डिंग पर मांगा जवाब, पढ़ें पूरा मामला

नीरज सिसौदिया, जालंधर
ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध रूप से बिल्डिंग बना रहे कांग्रेस नेता मोहिंदरपाल सिंह गुल्लू, नगर निगम और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की मुश्किलें अब बढ़ गई हैं. कांग्रेस नेता की अवैध बिल्डिंग का निर्माण करवा रहे नगर निगम के अधिकारियों के काले कारनामे उनके गले की फांस बन गए हैं. एडिशनल सिविल जज सीनियर डिविजन -1 कोर्ट ने कांग्रेस पार्षद पति मोहिंदर पाल सिंह गुल्लू की 67 ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध रूप से बन रही बिल्डिंग को लेकर गुल्लू, नगर निगम और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है. नोटिस जारी कर अदालत ने पूछा है कि अगर बिल्डिंग का कोई नक्शा पास कराया है तो उसे अदालत में पेश किया जाए.
बता दें कि कांग्रेस पार्षद पति गुल्लू ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध रूप से प्लॉट नंबर 17 में बिल्डिंग बना रहा है. कुछ दिनों पहले आरटीआई एक्टिविस्ट रविंदरपाल सिंह चड्ढा ने इसकी लिखित शिकायत नगर निगम को दी थी. शिकायत के बाद बिल्डिंग इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने मौके का मुआयना करने की बात कही थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की. निगम अधिकारियों की मिलीभगत से बिल्डिंग का काम चलता रहा और भारत कैरियर पार्सल बुकिंग एजेंसी (पार्टनर रविंदरपाल सिंह चड्ढा) अदालत की शरण में जाने को मजबूर हुए. मामले पर सुनवाई करते हुए आज एडिशनल सिविल जज सीनियर डिवीजन -1 की ओर से पार्षद पति गुल्लू, नगर निगम और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को समन जारी कर आगामी 30 जुलाई को सुबह दस बजे अदालत में पेश होकर सभी सवालों के जवाब दायर करने को कहा है. बता दें कि इस जगह पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का भी लाखों रुपए डकारने और हेराफेरी का आरोप भी भारत कैरियर पार्सल बुकिंग एजेंसी ने लगाए थे जिसके पार्टनर रविंदरपाल सिंह चड्ढा भी हैं. बहरहाल, गुल्लू की अवैध बिल्डिंग में अब भी अवैध रूप से शटरिंग का काम किया जा रहा है. जिसे निगम अधिकारियों ने रुकवाना जरूरी नहीं समझा है. चड्ढा ने तत्काल अवैध निर्माण रोकने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *