दिल्ली

न चेहरा, न मुद्दा, न उपलब्धियां, दिल्ली भाजपा के रिपोर्ट कार्ड में सिर्फ नाकामियां और भ्रष्टाचार

Share now

नीरज सिसौदिया, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली का सियासी दंगल बेहद दिलचस्प होने जा रहा है| यहां आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है| आप ने भाजपा को तीन मोर्चों पर घेरा है| पहला दिल्ली भाजपा के पास मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार न होना, दूसरा आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ मुद्दों का अभाव और तीसरा दिल्ली के परिप्रेक्ष्य में भाजपा के पास किसी भी उपलब्धि का न होना है| दरअसल, भारतीय जनता पार्टी यहां 20 साल से वनवास काट रही है| पहले 15 साल कांग्रेस ने राज किया और अगले 5 साल अरविंद केजरीवाल के नाम रहे| हालांकि, दिल्ली नगर निगम पर भाजपा पिछले लगभग 12 वर्षों से काबिज है और केंद्र में वह लगभग साढे़ 5 साल का वक्त पूरा कर चुकी है| इसके बावजूद दिल्ली के परिपेक्ष्य में देखा जाए तो भारतीय जनता पार्टी के पास कोई भी ऐसी बड़ी उपलब्धि नहीं है जिसे वह वोटों में तब्दील कर सके|

पिछले 5 साल के दौरान भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली के सात सांसद अपने खाते में एक भी बड़ी उपलब्धि दर्ज नहीं करा पाए| बात अगर दिल्ली नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की करें तो यहां पर भी भाजपा का रिपोर्ट कार्ड संतोषजनक नहीं रहा| दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए कार्यों का तुलनात्मक अध्ययन करने की नसीहत जनता को दी है| साथ ही भारतीय जनता पार्टी को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी पेश करने की चुनौती दी| मनीष सिसोदिया ने भाजपा को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा ने दिल्ली के लिए कुछ किया है तो वह अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड आम जनता के समक्ष पेश करे|

मनीष सिसोदिया यहीं पर नहीं रुके| उन्होंने लगे हाथ भाजपा को यह चेतावनी भी दे डाली कि अगर भाजपा अपने दिल्ली नगर निगम के 12 साल के कार्यकाल और केंद्र सरकार के साढ़े पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश नहीं करती है तो एक सप्ताह के अंदर आम आदमी पार्टी भाजपा का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी| मनीष सिसोदिया ने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम को भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 12 वर्षों से सिर्फ भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया हुआ है| उन्होंने भाजपा पार्षदों पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच और विभिन्न विभागों के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के पार्षद सिर्फ अवैध रूप से उगाही करने का काम करने में लगे हुए हैं| उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाली कॉलोनियों की सड़कें भी दिल्ली सरकार को बनवानी पड़ रही हैं| भाजपा नेताओं द्वारा रेहड़ी पटरी वालों तक से अवैध वसूली की जा रही है.

उन्होंने कहा कि एमसीडी की कई कॉलोनियों की सड़कें जो नगर निगम के अंतर्गत आती हैं वह भी विधायक फंड या मुख्यमंत्री सड़क योजना से बनाई गई है| साथ ही मनीष सिसोदिया ने दिल्ली नगर निगम और दिल्ली सरकार के स्कूलों की भी तुलनात्मक रिपोर्ट पेश की| उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले प्राइमरी स्कूलों की इतनी बुरी हालत हो चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें बंद करने पर तुली हुई है| उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 12 साल से शासित दिल्ली नगर निगम के प्राइमरी स्कूलों में शिक्षा का स्तर इतना ज्यादा गिर चुका है कि वहां का बच्चा जब दिल्ली सरकार के स्कूलों में छठी क्लास में पढ़ने आता है तो दूसरी क्लास की किताबें भी नहीं पढ़ पाता है| उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के भविष्य के साथ खेल रही है|

मनीष सिसोदिया ने अस्पतालों के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम के तहत कई डिस्पेंसरीज आती हैं जिनकी हालत बद से बदतर हो चुकी है| उन्होंने कहा कि आप एक तरफ दिल्ली नगर निगम की डिस्पेंसरी की हालत देखें और दूसरी तरफ दिल्ली सरकार द्वारा संचालित किए जा रहे मोहल्ला क्लीनिकों में जाएं| दोनों का अंतर खुद-ब-खुद साफ नजर आ जाएगा|

इतना ही नहीं उपमुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी अभियान स्वच्छ भारत मिशन की भी पोल खोली| उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत सफाई व्यवस्था आती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने देश की राजधानी का कचरा कर दिया है| हर जगह कूड़े के ढेर पड़े रहते हैं| सफाई कर्मचारियों को सैलरी नहीं दे रहे| कूड़े घर में पड़ा-पड़ा कूड़ा सड़ रहा है लेकिन उसे देखने वाला कोई नहीं| सबसे बड़ा सवाल मनीष सिसोदिया ने दिल्ली भाजपा में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उठाया| उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास कोई ऐसा चेहरा नहीं है जिसे वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर जनता के समक्ष पेश कर सके| उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ जनता को गुमराह करने में लगी हुई है उसके पास न तो नेता है न कोई उपलब्धि है और न ही कोई मुद्दा है जिसके दम पर वह दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ सके| उन्होंने लोगों से अपील की है कि भारतीय जनता पार्टी को एक भी वोट न दें| भाजपा को वोट देकर अपना वोट बर्बाद न करें|

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *