देश

राज्यसभा चुनाव : भाजपा, कांग्रेस, राजद, जदयू सहित कई दलों ने घोषित किए उम्मीदवार, पढ़ें किस पार्टी ने कहां से किसे बनाया उम्मीदवार

Share now

नीरज सिसौदिया, नई दिल्ली

बुधवार को सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी की। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा को गुजरात से, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और एल मुरुगन को क्रमश: ओडिशा और मध्य प्रदेश से उम्मीदवार घोषित किया। केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के अगले ही दिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बना दिया। पार्टी ने 15 राज्यों की 56 सीट पर होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के मद्देनजर बुधवार को पहले मध्य प्रदेश और ओडिशा के लिए पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की तथा इसके कुछ देर बाद गुजरात से चार और महाराष्ट्र से तीन उम्मीदवारों की सूची जारी की। नड्डा के अलावा गुजरात से प्रसिद्ध हीरा कारोबारी गोविंद भाई ढोलकिया, मयंक भाई नायक और जसवंत सिंह परमार को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। विधानसभा में भाजपा के संख्याबल को देखते हुए सभी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। गुजरात की 185-सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 156 सदस्य हैं। हिमाचल में राज्यसभा की तीन सीटें हैं, जिनमें से दो सीट भाजपा के पास हैं। भाजपा की इंदु बाला और सिकंदर कुमार उच्च सदन में राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। पार्टी ने महाराष्ट्र से चव्हाण के अलावा पूर्व विधायक और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेधा कुलकर्णी और भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष व आरएसएस के पूर्व प्रचारक अजीत गोपछड़े को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस में लगभग चार दशक बिताने वाले चव्हाण एक दिन पहले ही मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए थे। राज्यसभा की 56 सीट के लिए 27 फरवरी को चुनाव होना है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है। जरूरत पड़ने पर 27 फरवरी को मतदान कराया जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रूपाला (गुजरात) तथा केंद्रीय मंत्री नारायण राणे (महाराष्ट्र) का भी कार्यकाल पूरा हो रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से इन नेताओं की राज्यसभा के लिए उम्मीदवारी की घोषणा नहीं की गई है। ऐसी चर्चा है कि पार्टी इन्हें लोकसभा चुनाव लड़ा सकती है।
ओडिशा के सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने वैष्णव को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। वर्ष 2019 में भी बीजद ने पूर्व आईएएस अधिकारी वैष्णव का समर्थन किया था। ऐसी चर्चा थी कि वैष्णव भी अपने गृह राज्य राजस्थान से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी पार्टी द्वारा उच्च सदन के लिए फिर से नामित नहीं किया गया है। मध्य प्रदेश से भाजपा ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री मुरुगन के अलावा उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को उम्मीदवार बनाया है। मध्य प्रदेश में भाजपा के पास चार सीट जीतने का दम है जबकि कांग्रेस एक सीट जीत सकती है। भाजपा शासित इस राज्य से पांच सीट रिक्त हो रही हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा है कि प्रधान, रूपाला और मांडविया के अलावा दो अन्य केंद्रीय मंत्रियों, भूपेंद्र यादव और राजीव चंद्रशेखर को भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। इनमें से किसी को राज्यसभा के मौजूदा दौर के लिए फिर से नामित नहीं किया गया है।

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए सोनिया, माकन और सिंघवी समेत 10 उम्मीदवार घोषित किए
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कोषाध्यक्ष अजय माकन, वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी समेत कुल 10 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। पार्टी ने पहले चार और फिर छह उम्मीदवारों की सूची जारी की। कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची में कर्नाटक से माकन, सैयद नासिर हुसैन, जी.सी. चंद्रशेखर के नाम हैं। हुसैन और चंद्रशेखर वर्तमान में उच्च सदन के सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से स्थानीय नेता अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है। तेलंगाना से पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एम अनिल कुमार यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इससे पहले पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची में सोनिया गांधी का नाम सबसे प्रमुख था जिन्होंने राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। पार्टी ने वरिष्ठ अधिवक्ता और अपने प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को हिमाचल प्रदेश से उम्मीदवार बनाया है। बिहार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है। कांग्रेस ने महाराष्ट्र के अपने वरिष्ठ नेता चंद्रकांत हंडोरे को प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने फिलहाल मध्य प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने राज्यसभा चुनाव के लिए मिलिंद देवरा को उम्मीदवार बनाया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने बुधवार को पूर्व कांग्रेस नेता मिलिंद देवरा को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नामित किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री देवरा पिछले महीने ही शिवसेना में शामिल हुए थे।

भाजपा उम्मीदवार राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की एक सीट के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार राजा देवेंद्र प्रताप सिंह ने आज नामाकंन पत्र दाखिल किया।

राजद ने राज्यसभा चुनाव के लिए मनोज झा, संजय यादव को मैदान में उतारा
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मनोज कुमार झा और संजय यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राजद प्रमुख के बेटे तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव को पहली बार पार्टी से उम्मीदवार बनाया गया है।
अजित पवार के राकांपा गुट ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रफुल्ल पटेल को मैदान में उतारा
अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गुट ने बुधवार को वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार नामित किया। पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे ने यहां पटेल के नाम की घोषणा की।

भाजपा-जदयू और कांग्रेस उम्मीदवार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के श्री संजय कुमार झा और भाजपा की तरफ से डॉ. भीम सिंह तथा डॉ. धर्मशीला गुप्ता जबकि कांग्रेस की ओर से अखिलेश प्रसाद सिंह ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने अपना नामांकन किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यसभा निर्वाचन के लिए घोषित किये गये अधिकृत प्रत्याशी मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह 15 फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *