यूपी

नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों पर बरसे सतीश चंद्र सक्सेना कातिब उर्फ मम्मा, नगर निगम परिसर में खटिया डालकर अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन की दी चेतावनी, पढ़ें क्या है पूरा मामला?

नीरज सिसौदिया, बरेली
राजेन्द्र नगर क्षेत्र की सीवर व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर पार्षद सतीश चंद्र ‘कातिब मम्मा’ ने नगर निगम प्रशासन को जमकर घेरा है। वार्ड 23, इंदिरा नगर के पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य कातिब मम्मा ने महापौर, नगर आयुक्त तथा जीएम जलकल को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर नगर निगम कार्यालय परिसर में खटिया डालकर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

मम्मा ने बताया कि सूरजभान डिग्री कॉलेज एवं इंटर कॉलेज के सामने तथा पीछे की गली, बी-ब्लॉक राजेन्द्र नगर की सीवर लाइन लंबे समय से पूरी तरह से जाम है। स्थानीय लोग गंदगी और बदबू से परेशान हैं। जलकल विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा जिस ठेकेदार को सीवर सफाई का जिम्मा दिया गया है, वह अपने कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं करता, जिससे सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। यही वजह है कि वर्षों से सीवर की ठीक से सफाई नहीं हुई है।
मम्मा ने कहा, “जनता नियमित रूप से टैक्स देती है लेकिन बदले में उन्हें केवल परेशानियां मिल रही हैं।”

स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश है और अब उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्षद ने नगर निगम से शहरभर में सीवर की समुचित सफाई कराए जाने की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक यह समस्या हल होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *