नीरज सिसौदिया, बरेली
फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी संगठनात्मक तैयारियों को पूरा कर लिया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख और फरीदपुर विधानसभा सीट से सपा के टिकट के प्रबल दावेदार चंद्रसेन सागर ने बताया कि उनकी टीम ने कड़ी मेहनत कर क्षेत्र के सभी 363 बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति कर दी है। सभी BLA की सूची समाजवादी पार्टी कार्यालय लखनऊ में जमा करा दी गई है, जबकि एक प्रति बरेली कार्यालय के BLA प्रभारी जितेंद्र मुंडे और राम सेवक प्रजापति को मेल के जरिए भेज दी गई है।
चंद्रसेन सागर ने कहा कि सभी BLA-2 फॉर्म तैयार कर भेजे जा रहे हैं, ताकि चुनाव आयोग की प्रक्रिया के अनुसार सभी एजेंटों का पंजीकरण समय पर अपलोड हो सके। उन्होंने बताया कि जितेंद्र मुंडे और राम सेवक प्रजापति यह कार्य पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता से कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी BLA फॉर्म जल्द ही अपलोड हो जाएंगे।
PDA नियमों के अनुसार सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व
चंद्रसेन सागर ने बताया कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में जो BLA नियुक्त किए गए हैं, वे अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नियमों के अनुसार चयनित हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सामाजिक न्याय और समानता पर आधारित है, इसलिए सभी वर्गों और जातियों के कार्यकर्ताओं को संगठन में समान भागीदारी दी गई है।
बूथ से जोन तक तैयार संगठन ढांचा
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए चंद्रसेन सागर ने संगठन को और मजबूत करने के लिए विस्तृत नेटवर्क तैयार किया है। उन्होंने बताया कि फरीदपुर विधानसभा में 25 सेक्टर, 30 स्पेशल सेक्टर एजेंट, 15 जोन एजेंट और 8 स्पेशल एडवाइजर एजेंट नियुक्त किए गए हैं। ये सभी एजेंट अपने-अपने स्तर पर पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं और क्षेत्र में सपा की नीतियों व योजनाओं को आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
चंद्रसेन सागर के अनुसार, “हमारी टीम ने हर बूथ को सक्रिय कर दिया है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और PDA सिद्धांत की जानकारी दे रहे हैं। जनता का रुझान सपा की ओर बढ़ रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि 2027 में फरीदपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी की जीत तय है।”
बरेली जिले में उदाहरण बने चंद्रसेन सागर
चंद्रसेन सागर ने बताया कि वे पूरे बरेली जिले में ऐसे एकमात्र समाजवादी पार्टी नेता हैं, जिन्होंने अपनी विधानसभा के सभी बूथों पर BLA नियुक्त कर उनकी पूरी सूची पार्टी हाईकमान को सौंप दी है। यह संगठनात्मक प्रतिबद्धता और अनुशासन का उदाहरण है, जिससे सपा के जिला और प्रदेश स्तर पर फरीदपुर विधानसभा को एक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं की सक्रियता से बढ़ा उत्साह
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का असली आधार कार्यकर्ता हैं। हर सेक्टर और बूथ स्तर पर सपा के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जनता के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं का जोश और जनता का समर्थन यह साबित कर रहा है कि आने वाले चुनाव में फरीदपुर विधानसभा सपा के पक्ष में इतिहास दोहराएगी।





