नीरज सिसौदिया, बरेली
वरिष्ठ नागरिक सामाजिक सेवा समिति बरेली की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय, बृज लोक कॉलोनी में पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधे वितरित किए गए। समिति के पदाधिकारियों ने बच्चों को पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव ओम शर्मा का स्वागत किया गया। समिति के महामंत्री एसके कपूर ने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। पौधे न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि वातावरण को भी संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक पवन अग्रवाल ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के पौधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधों को लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। समय पर पानी देने और उनकी उचित देखभाल करने से पौधे अच्छी तरह विकसित होते हैं।

समिति के संरक्षक डॉ. तिलक राज कक्कड़ ने बच्चों को फलदार, फूलदार, तुलसी, औषधीय और सजावटी पौधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर में पौधे लगाने से वातावरण हरा-भरा और स्वच्छ रहता है। साथ ही कई औषधीय पौधे स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी होते हैं।

इस दौरान सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक-एक पौधा दिया गया। कुल करीब 200 पौधों का वितरण किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव ओम शर्मा ने बच्चों से पौधों को अपने घर में लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने माता-पिता से लिखित रूप में यह भी लेकर आएंगे कि उनके द्वारा दिया गया पौधा घर में लगा दिया गया है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सामाजिक सेवा समिति के महामंत्री एसके कपूर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वनि देव अग्रवाल, संयोजक पवन अग्रवाल, संरक्षक डॉ. तिलक राज कक्कड़, दिनेश अग्रवाल, मुकेश सक्सेना, राजीव कांत अग्रवाल, सुनील रस्तोगी, डॉ. मनमोहन कक्कड़ और डॉ. अनुराधा कक्कड़ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय योगदान दिया।




